भरवाईं (ऊना)। देश के प्रसिद्ध शक्तिपीठों में से एक मां चिंतपूर्णी मंदिर में हर वर्ष लाखों श्रद्धालु माथा टेकने पहुंचते हैं। मंदिर को प्रदेश के सबसे धन...
सबसे धनी चिंतपूर्णी मंदिर में अव्यवस्था, बारिश में भीगते रहे श्रद्धालु
भरवाईं (ऊना)। देश के प्रसिद्ध शक्तिपीठों में से एक मां चिंतपूर्णी मंदिर में हर वर्ष लाखों श्रद्धालु माथा टेकने पहुंचते हैं। मंदिर को प्रदेश के सबसे धनी मंदिरों में भी गिना जाता है लेकिन इसके बावजूद यहां आने वाले श्रद्धालुओं को कई मूलभूत सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में हुई बारिश के दौरान मंदिर परिसर में अव्यवस्थाओं की तस्वीरें सामने आई हैं, जहां दर्शन के लिए कतार में खड़े श्रद्धालु बारिश में भीगते नजर आए। बारिश के कारण मंदिर परिसर और दर्शन मार्ग पर खड़े भक्तों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। कतारों में लगे श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त शेड या बारिश से बचाव की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग भीगते हुए ही अपनी बारी का इंतजार करते रहे। कई श्रद्धालुओं ने बताया कि इतनी बड़ी संख्या में भक्तों के आने के बावजूद सुविधाओं का अभाव चिंताजनक है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर को मिलने वाली बड़ी दानराशि के बावजूद श्रद्धालुओं के लिए बुनियादी व्यवस्थाएं अभी भी पर्याप्त नहीं हैं। दर्शन मार्ग पर स्थायी शेड, बेहतर जल निकासी और बैठने की सुविधाएं होने से श्रद्धालुओं को काफी राहत मिल सकती है। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने मंदिर प्रशासन से मांग की है कि मंदिर में आने वाले भक्तों की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए और बारिश व अन्य मौसम परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए दर्शन मार्ग पर उचित प्रबंध किए जाएं। मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने बताया कि धूप से बचने के लिए तो बाजार में कुछ जगह पर छायादार टेंट लगाए जाते हैं लेकिन बारिश में श्रद्धालुओं को लाइनों में खड़े होकर भीगते हुए मंदिर पहुंचना पड़ता है, ये गंभीर समस्या है। मंदिर के विस्तारीकरण का कार्य शुरू होते ही श्रद्धालुओं को रेलिंग में चलते हुए दर्शन होंगे और हाल में बैठने की व्यवस्था होगी।