राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने मंगलवार को चनेड स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूल में स्मार्ट कंप्यूटर लैब का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से...
चंबा के छह स्कूलों को डिजिटल शिक्षा की सौगात
राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने मंगलवार को चनेड स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूल में स्मार्ट कंप्यूटर लैब का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से जुडक़र जिले के कुल छह विद्यालयों को आधुनिक कंप्यूटर लैब की सौगात सौंपी। हर्ष महाजन ने कहा कि हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड के कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत स्वीकृत इस पहल का उद्देश्य दूरदराज के क्षेत्रों में पढऩे वाले विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा और आधुनिक तकनीक से जोडऩा है। इस अवसर पर उन्होंने कंप्यूटर लैब के निर्माण के लिए भूमि दान करने वाली इशरो देवी को सम्मानित किया। कार्यक्रम में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड के अधिकारियों के अलावा शिक्षा उपनिदेशक उच्चतर विकास महाजन, जिला भाजपा अध्यक्ष धीरज नर्याल और वरिष्ठ भाजपा नेता विनीत विज सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। उधर, हिमगिरि कल्याण आश्रम चनेड़ में आयोजित कार्यक्रम में भी राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। आश्रम के प्रदेशाध्यक्ष लच्छिया राम ठाकुर और जिला अध्यक्ष रजनीश महाजन ने उन्हें शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया। इसके बाद आश्रम के जिला उपाध्यक्ष महाराज कृष्ण बडयाल और राजेश महाजन ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया। आश्रम के प्रांत अध्यक्ष ने बताया कि अगस्त 1998 में मिंजर मेले के दौरान कालावन नामक स्थान पर हुई घटना में जान गंवाने वाले लोगों के बेसहारा बच्चों के लिए यह छात्रावास शुरू किया गया था। उन्होंने छात्रावास के निर्माण कार्य के लिए पहले दस लाख रुपये की सहायता देने पर सांसद का आभार जताया। हर्ष महाजन ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए आश्रम की आवश्यकताओं के लिए भविष्य में भी समय-समय पर सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने अधूरे निर्माण कार्य को पूरा करवाने की बात भी कही। अंत में पंकज गुप्ता ने मुख्यातिथि और उपस्थित लोगों का धन्यवाद किया।