चंबा के 25 स्कूलों में खुलेंगी स्मार्ट कंप्यूटर लैब

राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने कहा कि आकांक्षी जिला चंबा के दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक एवं डिजिटल शिक्षा से जोडऩे की...

चंबा के 25 स्कूलों में खुलेंगी स्मार्ट कंप्यूटर लैब

चंबा के 25 स्कूलों में खुलेंगी स्मार्ट कंप्यूटर लैब

राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने कहा कि आकांक्षी जिला चंबा के दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक एवं डिजिटल शिक्षा से जोडऩे की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। उनकी अनुशंसा पर जिले के 25 चयनित सरकारी सेकेंडरी एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में अत्याधुनिक स्मार्ट कंप्यूटर लैब स्थापित की जाएंगी। इस परियोजना पर करीब 2.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। हर्ष महाजन ने बताया कि परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं। चयनित विद्यालयों में स्मार्ट कंप्यूटर क्लासरूम और आधुनिक डिजिटल शिक्षा सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे हजारों विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि चंबा आकांक्षी जिला होने के साथ भौगोलिक रूप से चुनौतीपूर्ण क्षेत्र भी है। यहां अनेक बच्चे दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

ऐसे में आधुनिक डिजिटल सुविधाओं को गांव और पहाड़ के अंतिम छोर तक पहुंचाना बेहद जरूरी है। केंद्र सरकार के सहयोग से शुरू होने वाली यह परियोजना सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को तकनीक आधारित शिक्षा से जोडऩे में मील का पत्थर साबित होगी। राज्यसभा सांसद ने परियोजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी का विशेष आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने शिक्षा में तकनीक के समावेश और डिजिटल सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया है। कंप्यूटर और ई-लर्निंग तक पहुंच विद्यार्थियों के भविष्य की आवश्यकता बन चुकी है। डिजिटल सुविधाओं से चंबा के विद्यार्थी आधुनिक ज्ञान, नई तकनीकों और भविष्य की प्रतिस्पर्धाओं के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकेंगे।

राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत चंबा जिले के पांच क्षेत्रों में विद्यालयों का चयन किया गया है। इनमें चंबा के 6, चुराह के 6, भरमौर के 5, डलहौजी के 4 तथा भटियात के 4 सरकारी विद्यालय शामिल हैं। इनमें चंबा के करियां, चनेड, सिल्लाघ्राट, खज्जियार, कोहलडी और कोलका, चुराह के बैरागढ, बोंदेडी, चांजू, जसौरगढ, थल्ली और राजनगर, भरमौर के मैहला, गुआं, होली, सुनारा और लिल्ह, डलहौजी के गरगंड, मंजीर, सुंडला, हिमगिरि, भटियात के टुंडी, होबार, समोट व रायपुर शामिल है।