भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जय सिंह ने चौगान में स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों की पर्ची शुल्क के विरोध में किया प्रदर्शन भाजपा प्रदेश कार्यसमिति...
दस रुपए की पर्ची शुल्क का जोरदार विरोध
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जय सिंह ने चौगान में स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों की पर्ची शुल्क के विरोध में किया प्रदर्शन
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जय सिंह ने मंगलवार को मुख्यालय के चौगान नं-पांच में पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कालेज चंबा सहित प्रदेश के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में सरकार के मरीजों की पर्ची पर दस रुपए का शुल्क लगाने के विरोध में प्रदर्शन किया। जय सिंह ने कहा कि पर्ची पर दस रूपए का शुल्क लगाकर आम जनता पर बोझ डालने का काम किया है। उन्होंने कहा कि सरकार कुछ भी निर्णय लेने से पहले जनता के बारे में नहीं सोच रही है। प्रदेश में प्रतिदिन हजारों लोग सरकारी अस्पतालों में इलाज करवाते हैं।
मेडिकल कॉलेज की सरकारी प्रयोगशाला में टैस्ट नहीं होते और अल्ट्रासाउंड के लिए दिया जाता है दो से तीन महीने का समय
ऐसे में सरकार के इस फैसले से जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। एक ओर मेडिकल कालेज चंबा में लोगों को उचित स्वास्थ्य उपचार नहीं मिल पा रहा है, तो वहीं दूसरी ओर अब पर्ची बनवाने के लिए भी दस रुपए अलग से खर्च करने पड़ेंगे। जय सिंह ने कहा कि जिला चंबा के दूरदराज क्षेत्र से लोग बड़ी मुश्किल से उपचार करवाने के लिए मेडिकल कालेज चंबा पहुंचते हैं, लेकिन उन्हें उपचार के स्थान पर तारीखें दी जाती हैं। सरकारी प्रयोगशाला में टैस्ट नहीं होते और अल्ट्रासाउंड के लिए दो से तीन महीने का समय दिया जाता है ताकि उन्हें मजबूरन निजी प्रयोगशालाओं में जाना पड़े।
पर्ची शुल्क का फैसला वापस न लिया तो होगा आंदोलन
जय सिंह ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार को जनता की पीड़ा से कोई सरोकार नहीं है। आर्थिक मंदी का रोना रोने वाले सरकार के नुमाइंदे अपने वेतन में लगातार बढ़ौतरी कर रहे हैं। उन्होंने दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द सरकार ने पर्ची के लिए लगाए गए दस रुपए शुल्क के निर्णय को वापस न लिया तो आम जनता को लामबंद करके उग्र आंदोलन किया जाएगा। इसकी सारी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी।