मिनी स्विट्जरलैंड पर कुदरत मेहरबान, सैलानियों की भीड़ उमडऩे से व्यापारियों के चेहरे खिले विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल खजियार में शनिवार शाम को सीजन क...
खजियार पर्यटक स्थल में सीजन की तीसरी बर्फबारी
मिनी स्विट्जरलैंड पर कुदरत मेहरबान, सैलानियों की भीड़ उमडऩे से व्यापारियों के चेहरे खिले
विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल खजियार में शनिवार शाम को सीजन की तीसरी बर्फबारी हुई। खजियार में चार इंच के करीब ताजा बर्फबारी रिकार्ड हुई है। बर्फबारी के कारण रविवार को खजियार मार्ग पर दोपहर बाद वाहनों के पहिये भी थमे रहे। दोपहर बाद लोक निर्माण विभाग ने बर्फ हटाकर मार्ग को छोटे वाहनों के लिए खोल दिया है। मार्ग के खुलते ही बर्फ में अठखेलियां करने की चाहत में मुख्यालय से काफी तादाद में लोगों ने खजियार का रूख किया। दोपहर बाद खजियार में लोगों की भीड़ उमडऩे से फास्ट फूड स्टाल वालों के चेहरे खिल उठे। शनिवार शाम को मौसम के बिगड़े मिजाज के बीच अचानक खजियार में बर्फबारी का दौर आरंभ हो गया, जोकि देर शाम तक जारी रहा।
खजियार में चार इंच के करीब ताजा बर्फबारी हुई, रविवार दोपहर बाद खजियार मार्ग को छोटे वाहनों के लिए खोल दिया गया
बर्फबारी के चलते खजियार मार्ग पर वाहनों के पहिये भी थमकर रह गए। रविवार सवेरे बर्फबारी व बारिश का दौर थमते ही लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी मशीनों के सहयोग से बर्फ हटाने का काम आरंभ कर दिया। दोपहर बाद खजियार मार्ग को छोटे वाहनों के लिए खोल दिया गया। इसके बाद खजियार मार्ग पर छोटे वाहनों ने सरपट दौडऩा आरंभ कर दिया है। उधर, लोक निर्माण विभाग चंबा मंडल के कनिष्ठ अभियंता भास्कर सहगल ने बताया कि खजियार में चार इंच के करीब ताजा बर्फबारी हुई है। उन्होंने बताया कि खजियार मार्ग को छोटे वाहनों के लिए खोल दिया गया है। सोमवार शाम तक खजियार मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही को भी सामान्य बना दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि बर्फबारी के कारण मार्ग पर काफी फिसलन है। इसलिए चालक सुबह-शाम मार्ग पर वाहन एहतियात से चलाएं।