बर्फ गिरती देख खुशी से झूमे पर्यटक

नए साल का जश्न मनाने के साथ पर्यटकों की खुशी उस समय दोगुनी हो गई, जब वीरवार सुबह डलहौजी में बर्फबारी शुरू हो गई। डलहौजी के साथ डायनकुंड और लक्कड़मंडी...

बर्फ गिरती देख खुशी से झूमे पर्यटक

बर्फ गिरती देख खुशी से झूमे पर्यटक

नए साल का जश्न मनाने के साथ पर्यटकों की खुशी उस समय दोगुनी हो गई, जब वीरवार सुबह डलहौजी में बर्फबारी शुरू हो गई। डलहौजी के साथ डायनकुंड और लक्कड़मंडी में पर्यटकों ने बर्फबारी में जमकर अठखेलियां कीं। 31 दिसंबर की रात पर्यटकों ने डलहौजी के होटलों में डीजे की धुनों पर नाच गाना गाकर नए साल का जश्न मनाया। नए साल की सुबह जब पर्यटक वापस घरों को लौटने लगे तो उनकी बर्फबारी देखने की चाह भी पूरी हो गई। अचानक आसमान से सफेद चांदी बरसने लगी। जिसे देख पर्यटक खुशी से झूम उठे।
पंजाब से आए पर्यटक हरविंद्र ने बताया कि वह पिछले साल भी नए साल का जश्न मनाने के लिए परिवार के साथ डलहौजी आए थे, तब भी उन्हें बर्फबारी देखने का मौका मिला। इस बार भी उनकी इच्छा थी कि वह यहां बर्फबारी होते हुए देखें, जो कि पूरी हो गई। अगले साल फिर से नए साल का जश्न मनाने के लिए वह यहीं आएंगे।
डायनकुंड में बर्फबारी होने से पर्यटकों के चेहरे काफी खुश दिखे। बर्फबारी के बीच उन्होंने पोहलानी माता मंदिर के दर्शन किए। इसके साथ लक्कड़मंडी में भी पर्यटक बर्फबारी का आनंद उठाते हुए नजर आए। लंबे समय से पर्यटक और स्थानीय लोग इस बर्फबारी का इंतजार कर रहे थे। ऐसे में अब जो पर्यटक नए साल के जश्न के बाद डलहौजी से जाने का मन बना रहे थे, वे भी बर्फबारी देखकर यहां रुक गए।