नववर्ष के जश्न को लेकर पर्यटकों के डलहौजी पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी, शहर के तमाम होटल हुए पैक पर्यटक नगरी डलहौजी में नववर्ष का जश्न मनाने को ल...
डलहौजी में नए साल पर ट्रैफिक व्यवस्था होगी बेहतर, 80 जवान तैनात
नववर्ष के जश्न को लेकर पर्यटकों के डलहौजी पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी, शहर के तमाम होटल हुए पैक
पर्यटक नगरी डलहौजी में नववर्ष का जश्न मनाने को लेकर पर्यटकों की भीड़ उमडऩे से शहर में ट्रैफिक सहित कानून व सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनने के लिए करीब अस्सी पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। यह जवान शहर के ट्रैफिक जाम की दृष्टि से संवेदनशील प्वाईंट पर तैनात किए जाएंगें। पुलिस की ओर से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर रखने के लिए एक्शन प्लान भी तैयार किया गया है। पुलिस की इस व्यवस्था के चलते फिलहाल शहर में पर्यटकों को ट्रैफिक जाम जैसी समस्या का सामना नहीं करना पड रहा है। इसके साथ ही पुलिस जवान हुड़दंगियों पर भी नजर रखेंगें। फिलहाल नववर्ष के जश्न को लेकर पर्यटकों के डलहौजी पहुंचने का सिलसिला लगातार बना हुआ है। इसके चलते शहर के तमाम होटल पैक होकर रह गए हैं। एक अनुमान के अनुसार डलहौजी में करीब 15 से 20 हजार पर्यटक नववर्ष का जश्न मनाएंगे। इसके लिए होटलों में भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। शहर के प्रमुख होटलों द्वारा जहां पर्यटकों को लुभाने के लिए टैरिफ में 20 से 30 फीसदी की छूट दी गई है। न्यू ईयर ईव पर आयोजित होने वाली डीजे व डिनर पार्टियों के भी विशेष पैकेज दिए जा रहे हैं।
डलहौज़ी में वाहनों को खडा करने के लिए येलो लाइन एरिया भी किए गए चिंहित
पर्यटकों की आमद से पर्यटन कारोबारियों के चेहरे भी खिल गए हैं। शहर के बड़े होटलों सहित पर्यटन निगम के होटल मणिमहेश में भी नववर्ष के जश्न के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। होटल एसोसिएशन डलहौजी के महासचिव हरप्रीत, उपाध्यक्ष करनवीर , राहुल उपमन्यु, अमन महिन्द्रू व आशू गंडोत्रा ने बताया कि पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए नवंबर माह में ही अधिकतर होटलों द्वारा अपनी बेवसाइट पर आकर्षक पैकेज घोषित कर दिए गए थे। इसके चलते नववर्ष के लिए काफी ज्यादा अग्रिम बुकिंग होने के साथ पर्यटकों की काफी इन्क्वायरी भी आ रही है। उम्मीद है कि नववर्ष की पूर्व संध्या पर डलहौजी पूरी तरह से पैक होगी। नववर्ष के स्वागत हेतु पर्यटकों की भीड़ उमडऩे के चलते डलहौजी के गांधी चौक, सुभाष चौक व बस स्टैंड के समीप पार्किंग स्थलों सहित होटलों की निजी पार्किंग में ही वाहन खड़े होंगे। कई स्थानों पर वाहनों को खडा करने के लिए येलो लाइन एरिया भी चिंहित किए गए हैं।
अतिरिक्त पुलिस बल भी किया जाएगा तैनात
डीएसपी डलहौजी मंयक शर्मा ने बताया कि नववर्ष के स्वागत के लिए काफी संख्या में पर्यटक डलहौजी पहुंचेंगे। ऐसे में यातायात प्रबंधन के साथ कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सबसे पहली प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस थाना डलहौजी के स्टाफ सहित अतिरिक्त पुलिस बल भी डलहौजी में तैनात किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लगभग 70 से 80 जवान व पुलिस अधिकारी कानून व्यवस्था व यातायात व्यवस्था संभालेंगे।