ज्वालामुखी (कांगड़ा)। शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में गत वीरवार को एक श्रद्धालु द्वारा खुद को आग लगाने और उसकी मौत की घटना के बाद मंदिर प्रशासन ने...
ज्वालामुखी मंदिर में बैग और पानी की बोतल ले जाने पर प्रतिबंध
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में गत वीरवार को एक श्रद्धालु द्वारा खुद को आग लगाने और उसकी मौत की घटना के बाद मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मंदिर प्रशासन और न्यास ने सुरक्षा की व्यापक समीक्षा करते हुए परिसर के भीतर बैग, पानी की बोतल तथा अन्य संदिग्ध व ज्वलनशील सामग्री ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। मंदिर अधिकारी अजय मंडयाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा इंचार्ज को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। साथ ही परिसर की निगरानी और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। एसडीएम ज्वालामुखी एवं मंदिर सह आयुक्त डॉ. संजीव शर्मा ने कहा कि मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है और परिसर में ऐसी घटना का होना बेहद गंभीर विषय है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मंदिर की गरिमा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नए सुरक्षा नियम लागू किए जा रहे हैं। नए नियमों के तहत मुख्य प्रवेश द्वार पर श्रद्धालुओं और उनके सामान की सघन जांच की जाएगी। इसके बाद ही मंदिर में प्रवेश की अनुमति मिलेगी। श्रद्धालुओं को अपना सामान निर्धारित क्लॉक रूम में जमा करवाना होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में भी सुरक्षा व्यवस्था की निरंतर समीक्षा की जाएगी।