पांगी पंचायत समिति पर भाजपा का कब्जा

पंचायत समिति पांगी की सत्ता पर भाजपा ने कब्जा जमा लिया है। मंगलवार को संपन्न चुनाव में भाजपा समर्थित शक्ति कुमार अध्यक्ष और मान सिंह उपाध्यक्ष पद पर न...

पांगी पंचायत समिति पर भाजपा का कब्जा

पांगी पंचायत समिति पर भाजपा का कब्जा

पंचायत समिति पांगी की सत्ता पर भाजपा ने कब्जा जमा लिया है। मंगलवार को संपन्न चुनाव में भाजपा समर्थित शक्ति कुमार अध्यक्ष और मान सिंह उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए। दोनों पदों पर पार्टी समर्थित प्रत्याशियों की ताजपोशी के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। भाजपा जिला प्रभारी डा. विपिन सिंह परमार और भरमौर-पांगी के विधायक डा. जनक राज की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने घाटी मुख्यालय किलाड़ में रैली निकालकर लोगों के साथ जीत की खुशियां साझा कीं। पंचायत समिति अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का चुनाव मंगलवार को मिनी सचिवालय किलाड़ के सभागार में एसडीएम पांगी अमनदीप सिंह की अध्यक्षता में हुआ। दोनों पदों के लिए एक-एक नामांकन पत्र दाखिल किया गया। पंचायत कोठी (करयुणी) से पंचायत समिति सदस्य शक्ति कुमार ने अध्यक्ष पद, जबकि पंचायत सेचू से सदस्य मान सिंह ने उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरा। निर्धारित अवधि में अन्य कोई नामांकन न मिलने पर दोनों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। गौरतलब है कि 15 सदस्यीय पंचायत समिति पांगी में भाजपा के पास अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए आवश्यक बहुमत था। पंचायत समिति चुनाव में भाजपा समर्थित 13 उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की थी। दोनों पदों पर आम सहमति बनाने और सदस्यों को एकजुट रखने के लिए भाजपा जिला प्रभारी डा. विपिन सिंह परमार गत रोज ही पांगी पहुंच गए थे। वहीं, एसडीएम अमनदीप सिंह ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र के विकास तथा पंचायत समिति के प्रभावी संचालन में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई।