पेपर लीक और परीक्षाओं में गड़बड़ी को रोकने के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने एक और बड़ा कदम उठाया है। अब एजेंसी ने परीक्षा की शुचिता को बनाए रखन...
पेपर लीक-परीक्षाओं में गड़बड़ी रोकने के लिए NTA ने लिया बड़ा फैसला, जानिए
पेपर लीक और परीक्षाओं में गड़बड़ी को रोकने के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने एक और बड़ा कदम उठाया है। अब एजेंसी ने परीक्षा की शुचिता को बनाए रखने और एस्पिरेंट्स को भरोसा जीतने के लिए रिटायर्ड फौजियों की मदद लेने का फैसला किया है। सेना और पैरामिलिट्री से रिटायर्ड सैनिकों को जेईई, नीट, नेट और सीयूईटी जैसी बड़ी परीक्षाओं की निगरानी की महत्त्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। दरअसल, नीट यूजी मई पेपर लीक के चलते विवादों में घिरने के बाद, एनटीए बड़े पैमाने पर सुधार और बदलाव कर रही है। 21 जून, 2026 को नीट यूजी री-एग्जाम में लॉजिस्टिक्स और ट्रांसपोर्ट में सेना की मदद लेने के बाद, अब एनटीए आगे भी सेना की मदद लेने पर विचार रही है। एनटीए स्वतंत्र पर्यवेक्षकों (ऑब्जर्वर्स) का एक परमानेंट पूल तैयार कर रही है, जिसमें सशस्त्र बलों और अद्र्धसैनिक बलों के सेवानिवृत्त कर्मी, केंद्र और राज्य सरकारों के सेवानिवृत्त अधिकारी शामिल होंगे।
एनटीए के एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट डॉक्यूमेंट में कहा गया है कि हर परीक्षा के दिन, एनटीए हर परीक्षा केंद्र पर एक स्वतंत्र पर्यवेक्षक (ऑब्जर्वर) तैनात करता है। ये ऑब्जर्वर सेंटर पर एनटीए के अपने प्रतिनिधि होंगेे, जो सिटी कोऑर्डिनेटर और सेंटर सुपरिंटेंडेंट से अलग होंगे। इनका काम परीक्षा की निष्पक्षता, सुरक्षा और सुचारू संचालन की निगरानी करना और सीधे एनटीए को रिपोर्ट करना होगा। इसमें आगे कहा गया है कि पूरे साल चलने वाली परीक्षा प्रक्रिया के दौरान इस जरूरत को समय पर और भरोसेमंद तरीके से पूरा करने के लिए,एनटीए पर्यवेक्षकों का एक स्थायी और पहले से सत्यापित पूल बनाना चाहता है। इसमें सरकारी संस्थानों के सेवानिवृत्त या कार्यरत शैक्षणिक और प्रशासनिक कर्मचारी शामिल होंगे। इस पूल से, हर परीक्षा के लिए काफी पहले ही तैनाती के आदेश जारी किए जा सकेंगे।
एनटीए ने परीक्षाओं में ऑब्जर्वर की भूमिका संभालने के लिए तीन कैटेगरी में आवेदन मांगे हैं। पहली कैटेगरी में केंद्र और राज्य सरकारों के सेवानिवृत्त अधिकारी, दूसरी में सशस्त्र बलों या अद्र्धसैनिक बलों के सेवानिवृत्त कर्मी और तीसरी श्रेणी में सरकारी स्कूलों, कालेजों और विश्वविद्यालयों के सेवानिवृत्त या कार्यरत शिक्षक और प्रोफेसर। वहीं विदेशों में स्थित एग्जाम सेंटर्स के लिए एनटीए आमतौर पर उसी शहर में रहने वाले भारतीय नागरिकों में से ऑब्जर्वर नियुक्त करेगी। इनमें उस देश में भारतीय मिशन के कार्यरत या सेवानिवृत्त अधिकारी, विदेश मंत्रालय के सेवानिवृत्त अधिकारी और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध अन्य योग्य भारतीय नागरिक शामिल हो सकते हैं। यह कदम परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार के तहत उठाया जा रहा है, जो सुरक्षा में सेंध और अनियमितताओं के आरोपों के बाद किया जा रहा है।