वीरवार दोपहर बाद 3:00 बजे अचानक भूस्खलन से सड़क मार्ग पूरी तरह हुआ बंद उपमंडल सलूणी के तहत आने वाले क्षेत्रों में बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्...
तेलका-चंबा मुख्य मार्ग बिंदोखी में भारी भूस्खलन से हुआ बंद
वीरवार दोपहर बाद 3:00 बजे अचानक भूस्खलन से सड़क मार्ग पूरी तरह हुआ बंद
उपमंडल सलूणी के तहत आने वाले क्षेत्रों में बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। तेलका-चंबा मुख्य मार्ग बिंदोखी में भारी भूस्खलन से बंद हो गया है। नतीजतन, चंबा जाने वाले मार्ग पर भूस्खलन के कारण वाहनों की रफ्तार थमने से ग्रामीणों की मुसीबतें बढ़ गई हैं। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से प्राथमिकता के आधार पर सड़क को यातायात के लिए सुचारु करवाने की मांग की है। भारी बारिश के कारण बिंदोखी में वीरवार दोपहर बाद 3:00 बजे अचानक भूस्खलन हो गया। इसके चलते मार्ग वाहनों के लिए अवरुद्ध हो गया है। देखते ही देखते मार्ग पर छोड़े-बड़े वाहनों की कतारें लग गईं।
विभागीय मशीनरी ने शाम 6:00 बजे के करीब मार्ग यातायात के लिए किया बहाल
सवारियों राजीव कुमार, मनोहर लाल, रविंद्र कुमार, कपिल कुमार आदि ने बताया कि फरवरी के अंत में होने वाली बारिश अब लोगों की चिंताओं को बढ़ा रही है। सूचना मिलने के बाद विभागीय मशीनरी मौके पर पहुंची और मार्ग को बहाल करने के कार्य में जुट गई। देर शाम 6:00 बजे के करीब मार्ग यातायात के लिए बहाल हो पाया। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कुमुद उपाध्याय ने बताया कि सूचना मिलने के बाद मशीनरी मार्ग बहाल करने के लिए भेज दी गई। मलबा हटाकर मार्ग बहाल करवा दिया गया है।