कूड़ा सुलगता रहा...नगर परिषद की व्यवस्था धुआं-धुआं

मुगला स्थित शनिदेव मंदिर के समीप नाले में कूड़े का ढेर रविवार को फिर सुलग उठा। आग से उठे धुएं ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया। मंदिर परिसर में मणिमहेश यात...

कूड़ा सुलगता रहा...नगर परिषद की व्यवस्था धुआं-धुआं

कूड़ा सुलगता रहा...नगर परिषद की व्यवस्था धुआं-धुआं

मुगला स्थित शनिदेव मंदिर के समीप नाले में कूड़े का ढेर रविवार को फिर सुलग उठा। आग से उठे धुएं ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया। मंदिर परिसर में मणिमहेश यात्रियों के लिए भंडारा लगा है।
ऐसे में भंडारे के पास कूड़ा जलने से श्रद्धालुओं को धुएं के बीच भोजन करना पड़ा। लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ा।
एक ही जगह, बार-बार आग और हर बार वही कहानी। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले करीब दो माह में यहां तीन-चार बार कूड़े में आग लग चुकी है। इसके बावजूद नगर परिषद ने नाले में जमा कूड़े को स्थायी तौर पर हटाने और दोबारा कूड़ा डालने पर रोक लगाने की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए। बार-बार आग की घटनाओं के बावजूद समस्या जस की तस रहने से सफाई व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।स्थानीय निवासी रमेश कुमार, सुनील कुमार, अजय कुमार, शम्मी कुमार, राकेश कुमार, राज कुमार और संजय कुमार ने कहा कि नाले में कूड़ा जमा होने की समस्या पुरानी है। आग लगने पर धुआं पूरे क्षेत्र में फैलता है, लेकिन इसके बाद भी स्थायी समाधान नहीं किया जाता। उन्होंने नगर परिषद से कूड़ा हटाने के साथ मौके पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है, ताकि आग लगाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

नगर परिषद चंबा की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल ने बताया कि मामला ध्यान में लाया गया है। आग लगाने वालों की तफ्तीश की जाएगी। ठेकेदार को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।