चुराह विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत टिकरीगढ़ में नवजात बेटी का सिर सड़क किनारे और धड़ झाड़ियों में मिलने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। प...
नवजात के शव के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
चुराह विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत टिकरीगढ़ में नवजात बेटी का सिर सड़क किनारे और धड़ झाड़ियों में मिलने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट से नवजात बेटी की मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा होने की उम्मीद है। इसके बाद मामले की कई अन्य परतें भी खुल सकती हैं। पुलिस थाना प्रभारी देवराज ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम उपलब्ध होते ही एक-दो दिन के भीतर ग्राम पंचायत टिकरीगढ़, टिकरीगढ़ गांव और आसपास के गांवों में जांच अभियान चलाया जाएगा। पुलिस मामले से जुड़े सुरागों की तलाश करेगी और आवश्यकतानुसार मेडिकल जांच भी करवाई जाएगी। जांच के दौरान जरूरत पड़ने पर डीएनए नमूने लेकर नवजात बेटी के डीएनए से मिलान भी कराया जाएगा, जिससे मामले की सच्चाई तक पहुंचा जा सके। थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक पुलिस को किसी व्यक्ति पर कोई शक नहीं है और जांच पूरी तरह से हर पहलू को ध्यान में रखकर की जा रही है। नवजात बेटी को न्याय दिलाने के लिए ग्राम पंचायत प्रधान, वार्ड पंच और समाजसेवी भी पुलिस का पूरा सहयोग कर रहे हैं। ग्रामीणों के बीच यह सवाल बना हुआ है कि आखिर नवजात का शव बाहर से लाकर यहां फेंका गया या फिर इस घटना के तार गांव अथवा आसपास के क्षेत्र से जुड़े हैं। लोगों की निगाहें अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हैं। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि नवजात बेटी की मौत से पर्दा उठाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।