राजदरबार रामपुर में पांच से आठ मार्च तक आयोजित जिला स्तरीय ऐतिहासिक फाग मेले का रविवार को पारंपरिक रीति-रिवाजों और धार्मिक आस्था के साथ भव्य समापन हो...
20 देवी-देवताओं को 4.13 लाख का नजराना देकर दी विदाई
राजदरबार रामपुर में पांच से आठ मार्च तक आयोजित जिला स्तरीय ऐतिहासिक फाग मेले का रविवार को पारंपरिक रीति-रिवाजों और धार्मिक आस्था के साथ भव्य समापन हो गया। समापन अवसर पर नगर परिषद रामपुर द्वारा मेले में पधारे 20 देवी-देवताओं को 4,13,900 रुपए का नजराना भेंट कर विदाई दी गई। मेले के दौरान राजदरबार परिसर रामपुर में इस दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने देवी-देवताओं के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
चार दिनों तक चले इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक-सांस्कृतिक मेले में क्षेत्र की समृद्ध देव संस्कृति, परंपराओं और लोक आस्थाओं की अनूठी झलक देखने को मिली। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों, ढोल-नगाड़ों और देवलुओं द्वारा प्रस्तुत देव नृत्य ने पूरे आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। मेले के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए देवी-देवताओं के देवलुओं ने पारंपरिक वेशभूषा में देव नृत्य प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उत्कृष्ट देव नृत्य प्रस्तुत करने वाले देवलुओं को नगर परिषद द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया।
व नृत्य प्रतियोगिता के विजेता
देव नृत्य प्रतियोगिता में बुद्धा सरोहनी कुल्लू-सराहन को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ, जिन्हें 5500 रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। देवता साहिब धारा सरगा को द्वितीय स्थान के लिए 3500 रुपए से सम्मानित किया गया। वहीं तृतीय पुरस्कार 2500 रुपए संयुक्त रूप से तीन देवताओं देवता साहिब कामराली, देवता साहिब दरबार कुंडू चाटी तथा नव दुर्गा माता गांवबील को प्रदान किया गया। अंत में नगर परिषद रामपुर के प्रतिनिधियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में देवी-देवताओं को पारंपरिक सम्मान के साथ विदाई दी गई और इसी के साथ जिला स्तरीय ऐतिहासिक फाग मेला श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हो गया। इस अवसर पर नगर परिषद रामपुर के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी बाबू राम नेगी, सहायक अभियंता अनिल गौतम, कनिष्ठ अभियंता राजेश कुमार व मोहित सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।