चंबा। जिले में बारिश और बर्फबारी के बाद उपमंडल पांगी के 295 गांवों में अभी भी अंधेरा पसरा हुआ है। पांगी में वर्तमान में करीब 59 ट्रांसफार्मर बंद पड़े...
पांगी में 59 ट्रांसफार्मर बंद, 295 गांवों में अंधेरा
चंबा। जिले में बारिश और बर्फबारी के बाद उपमंडल पांगी के 295 गांवों में अभी भी अंधेरा पसरा हुआ है। पांगी में वर्तमान में करीब 59 ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं। इसके चलते ग्रामीणों को काफी दिक्कत हो रही है। मंगलवार को बिजली बोर्ड की ओर से जिलेभर में बंद पड़े 72 ट्रांसफार्मरों में से पांच ट्रांसफार्मर दुरुस्त कर दिए गए है, जबकि 67 ट्रांसफार्मर अभी भी बंद हैं। सबसे ज्यादा ट्रांसफार्मर जनजातीय क्षेत्र पांगी में बंद पड़े हैं। हालांकि, बोर्ड की टीमें बिजली बहाली में जुटी हुई हैं लेकिन बर्फबारी के बाद उन्हें परेशानी हो रही है। इसके अलावा चंबा में दो, तीसा में तीन ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं। वहीं, दूसरी तरफ पांगी में तीन संपर्क मार्गों पर वाहनों की आवाजाही ठप है। एक मार्ग सलूणी उपमंडल में भी बंद है। इस बार मार्च के तीसरे सप्ताह में मौसम ने करवट ली है। इससे जहां मुख्यालय में बारिश हुई तो वहीं दूसरी ओर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश हुई है। सुबह और शाम ठंड महसूस की जा रही है। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बताया कि व्यवस्था बहाली का कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार मार्च में भी बर्फबारी हुई है। जल्द सभी व्यवस्थाएं पटरी पर आ जाएंगी।