भरमौर-पठानकोट हाईवे पर सुबह हुई घटना, दोनों ओर लगीं वाहनों की कतारें प्रतियोगी परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थी, मिंजर मेला देख लौट रहे लाेग रहे परेशान...
मलूड़ा में निजी बस और टिपर के बीच टक्कर से लगा जाम
भरमौर-पठानकोट हाईवे पर सुबह हुई घटना, दोनों ओर लगीं वाहनों की कतारें
प्रतियोगी परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थी, मिंजर मेला देख लौट रहे लाेग रहे परेशान
बनीखेत (चंबा)। भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनीखेत के समीप मलूड़ा में रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे टिपर और निजी बस की आमने-सामने टक्कर हो गई। इससे हाईवे पर जाम लग गया।
हादसे के बाद दोनों वाहन सड़क के बीचोंबीच फंस गए जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम का सबसे अधिक असर बनीखेत में होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने जा रहे अभ्यर्थियों पर पड़ा। कई परीक्षार्थी समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने को लेकर चिंतित नजर आए जबकि मिंजर मेला देखकर लौट रहे यात्रियों को भी घंटों तक जाम में फंसना पड़ा। निजी बस चंबा से ऊना जा रही थी। बस में मिंजर मेला देखकर लौट रहे यात्रियों के अलावा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने जा रहे अभ्यर्थी भी सवार थे। टक्कर के बाद हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त टिपर और बस को सड़क से हटाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों वाहनों को हटाया गया। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल हो सका और वाहनों की आवाजाही सामान्य हुई। दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। हालांकि, टिपर और निजी बस को नुकसान पहुंचा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। दोनों पक्षों में आपसी रजामंदी के चलते पुलिस में प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई।