कियाणी पंचायत के निचली कियाणी गांव में सोमवार रात को एक मकान में आग लगने से एक लाख रुपये की नकदी, सोने के गहने और टीवी, अलमारी, सौफा, एलईडी समेत अन्य...
घर में आग से नकदी समेत सामान जला, 35 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान
कियाणी पंचायत के निचली कियाणी गांव में सोमवार रात को एक मकान में आग लगने से एक लाख रुपये की नकदी, सोने के गहने और टीवी, अलमारी, सौफा, एलईडी समेत अन्य सामान जल गया। इस दौरान एक कमरा पूरी तरह जल गया, जबकि चार अन्य कमरों, रसोईघर और हॉल को भी नुकसान हुआ है। प्रभावित हंसराज को 35 लाख रुपये के करीब नुकसान होने का अनुमान है।
प्रभावित हंसराज ने बताया कि रात करीब 9:30 बजे के करीब वह टीवी देख रहे थे, जबकि उनकी पत्नी, बेटा, बहू, पोता-पोती रसोईघर में आग सेंक रहे थे। अचानक उन्हें कुछ जलने की गंध आने लगी। जब उन्होंने अपने कमरे से बाहर आकर देखा तो निचली मंजिल स्थित कमरे से धुएं का गुबार निकलने लगा। परिवार के सदस्यों ने घर से बाहर निकलकर ग्रामीणों को सूचित किया। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाल्टियों, डिब्बों में पानी लेकर आग बुझाने में जुट गए।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची अग्निशमन, पुलिस जवानों की टीम ने ग्रामीणों के साथ आग बुझाने के लिए अपने स्तर पर प्रयास आरंभ कर दिए। मध्यरात्रि तक वह लाचार हो कमरों को जलता देखते रहे। जब तक आग बुझी तब तक उन्हें काफी नुकसान पहुंच चुका था।
कयास लगाए जा रहे हैं कि कमरे में किया गया ऑयल पेंट आग फैलने की वजह रही। नतीजतन अब दो मंजिला मकान के कमरे रहने योग्य नहीं रहे हैं। प्रभावित परिवार ने सोमवार की रात अपने भाई के मकान में काटी।
मकान में आग से नुकसान हुआ है। प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार पुखरी मोहम्मद अयूब ने प्रभावित को 10 हजार रुपये फौरी राहत दी और अब उनका केस बनाया जा रहा है, जिसे जल्द स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा।
प्रियांशु खाती, एसडीएम चंबा