विकास का शानदार प्रदर्शन मंगलवार के अंतिम और बुधवार के पूरे एपिसोड में होगा प्रदर्शित हिमाचल प्रदेश के शिमला ज़िले का एक बेटा आज पूरे प्रदेश...
पहाड़ी बेटे की ऊंची उड़ान, KBC में एक करोड़ सवाल तक पहुंचा हिमाचल के कुपवी का विकास पंवार
विकास का शानदार प्रदर्शन मंगलवार के अंतिम और बुधवार के पूरे एपिसोड में होगा प्रदर्शित
हिमाचल प्रदेश के शिमला ज़िले का एक बेटा आज पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा और गर्व का प्रतीक बन गया है। कुपवी तहसील की ग्राम पंचायत जुब्बली के निवासी विकास पंवार ने देश के सबसे लोकप्रिय क्विज़ शो कौन बनेगा करोड़पति (KBC) के मंच पर एक अभूतपूर्व मुकाम हासिल किया है। विकास पंवार जल्द ही महानायक अमिताभ बच्चन के साथ हॉट सीट पर नज़र आएंगे। उन्होंने अपने ज्ञान और संयम के दम पर 1 करोड़ रुपये के प्रश्न तक पहुंच बनाई है। विकास का शानदार प्रदर्शन मंगलवार के अंतिम और बुधवार के पूरे एपिसोड में दिखाया जाएगा। शो में उनका आत्मविश्वास और ज्ञान पूरे प्रदेश को गर्व महसूस कराएगा।
विकास पंवार वर्तमान में दिल्ली यूनिवर्सिटी से पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स के विद्यार्थी
21 वर्षीय विकास पंवार वर्तमान में दिल्ली यूनिवर्सिटी से पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स कर रहे हैं। इससे पहले भी वे एक-दो बार KBC में जाने की कोशिश कर चुके हैं। मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखने वाले विकास पंवार के पिता चतर सिंह पंवार दिल्ली के एक सरकारी स्कूल में प्रधानाचार्य हैं। 2023 तक वे हिमाचल में ही सेवाएं दे रहे थे, जिसके बाद UPSC परीक्षा पास कर उन्हें दिल्ली में प्रिंसिपल का पद मिला। माता विनीता पंवार एक कुशल गृहणी हैं। माता-पिता ने हमेशा उन्हें शिक्षा के महत्व से अवगत कराया और निरंतर प्रेरित किया। विकास ने आत्मविश्वास और कड़ी मेहनत के बल पर शिक्षा में हमेशा उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
विकास के विचारों से महानायक अमिताभ बच्चन भी हुए काफी प्रभावित
विकास बताते हैं कि पढ़ाई के दौरान पिता को कई बार लोगों से उधार तक लेना पड़ा, लेकिन उनकी शिक्षा में कभी कोई कमी नहीं आने दी। वे शिमला के बेहतरीन स्कूलों में पढ़े हैं और उनके पास हज़ार से अधिक किताबों का निजी संग्रह भी है। वे याद करते हैं कि जब उनके पिता शिक्षक थे, तब उनकी मासिक वेतन मात्र 1400 रुपये थी, जबकि उससे अधिक उनकी स्कूल फीस होती थी। कई लोग उनसे कहते हैं कि उनके पिता ही उनके आइडल होंगे, लेकिन विकास मुस्कुराकर कहते हैं कि “नहीं… आइडल वह होते हैं जिनके जैसा आप बनना चाहते हैं। मैं अपने पिता जैसा कभी बन ही नहीं सकता, क्योंकि वे मेरे लिए उससे कहीं अधिक हैं।” विकास के इन विचारों से महानायक अमिताभ बच्चन भी प्रभावित हुए।
विकास पंवार की सफलता केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं , बल्कि हिमाचल प्रदेश के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि
अब पूरा प्रदेश यह जानने के लिए उत्सुक है कि क्या विकास 1 करोड़ रुपये का प्रश्न हल करके वास्तव में करोड़पति बन पाएंगे। इस रोमांचक परिणाम के लिए दर्शकों को अगले सप्ताह प्रसारित होने वाले एपिसोड का इंतज़ार करना होगा। विकास की यह सफलता केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे चौपाल क्षेत्र और हिमाचल प्रदेश के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि है। KBC के राष्ट्रीय मंच तक विकास पंवार की यह यात्रा हिमाचल के युवाओं के लिए एक बड़ा संदेश है। उनकी यह उपलब्धि हर युवा के लिए एक प्रेरणा स्रोत है।