चुवाड़ी-लाहड़ू मार्ग पर पहाड़ी दरकी, यातायात ठप

चुवाड़ी-लाहड़ू मार्ग पर बुधवार शाम करीब तीन बजे अचानक हुए भूस्खलन से यातायात बाधित हो गया। पहाड़ी से भारी-भरकम चट्टानें जोरदार आवाज के साथ सडक़ पर आ गि...

चुवाड़ी-लाहड़ू मार्ग पर पहाड़ी दरकी, यातायात ठप

चुवाड़ी-लाहड़ू मार्ग पर पहाड़ी दरकी, यातायात ठप

चुवाड़ी-लाहड़ू मार्ग पर बुधवार शाम करीब तीन बजे अचानक हुए भूस्खलन से यातायात बाधित हो गया। पहाड़ी से भारी-भरकम चट्टानें जोरदार आवाज के साथ सडक़ पर आ गिरीं। इससे सडक़ का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और करीब पांच फुट गहरा गड्ढा बन गया। मार्ग पर करीब साढ़े तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

गनीमत रही कि भूस्खलन के समय सडक़ से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। यदि कोई वाहन चट्टानों की चपेट में आ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। भूस्खलन के बाद मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। चंबा सहित अन्य क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन रास्ते में फंस गए। सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग ने दो जेसीबी मशीनें मौके पर भेजीं। विभागीय कर्मचारियों ने चट्टानों और मलबे को हटाने का कार्य शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद छोटे वाहनों के लिए मार्ग बहाल कर दिया गया। बड़े वाहनों की आवाजाही शाम करीब साढ़े छह बजे सामान्य हो पाई।

क्या कहते हैं अधिकारी
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता विवेक कुमार ने बताया कि भूस्खलन के कारण अवरुद्ध मार्ग को पहले छोटे वाहनों के लिए खोल दिया गया था। बड़े वाहनों की आवाजाही भी शाम तक बहाल कर दी गई। विभागीय मशीनरी ने मौके पर पहुंचकर मलबा और चट्टानें हटाकर यातायात सामान्य करवाया।

बस सेवा प्रभावित होने पर लाहड़ू पहुंचे यात्री
मार्ग बंद होने से चंबा-हरिद्वार रूट पर चलने वाली बसों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। बस सुविधा लेने वाले यात्रियों को लाहड़ू चौक तक पहुंचना पड़ा। कई यात्रियों को सामान के साथ पैदल भी रास्ता तय करना पड़ा। वहीं, मार्ग के दोनों ओर वाहन फंसे रहने से चालकों को भी काफी देर तक इंतजार
करना पड़ा।