अंशिका ने पांच महीने पहले भिंडला गांव के सेना में तैनात एक युवक से की थी कोर्ट मैरिज पुलिस चौकी जोल के तहत बैरियां मंजड में हुई दर्दनाक वारदा...
शादी से एक दिन पहले मिली युवती की अधजली लाश प्रकरण में नया मोड़, होने वाले दूल्हे ने ले ली मेरी बेटी की जान
अंशिका ने पांच महीने पहले भिंडला गांव के सेना में तैनात एक युवक से की थी कोर्ट मैरिज
पुलिस चौकी जोल के तहत बैरियां मंजड में हुई दर्दनाक वारदात ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। युवती की बुधवार को शादी तय थी, लेकिन शादी से एक दिन पहले उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। जिस युवक के साथ युवती ने सात फेरे लेने थे, उसी युवक पर उसकी हत्या के आरोप लगे है। मृतका की माता की शिकायत पर पुलिस ने उक्त युवक व उसके चाचा के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज करवाया है। फिलहाल फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए है। वहीं, पुलिस की एक टीम आरोपित युवक को हिरासत में लेने के लिए जम्मू रवाना हो गई है। मृतका की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी अंशिका ने करीब पांच महीने पहले भिंडला गांव के सेना में तैनात एक युवक से कोर्ट मैरिज की थी और वह करीब चार माह की गर्भवती भी थी।
अंशिका की मां का आरोप है कि उसकी बेटी को उक्त युवक व उसके चाचा ने साजिश रचकर उतार दिया मौत के घाट
पीडि़ता की माता ने बताया कि उक्त युवक का चाचा इस शादी से नाखुश था और अकसर उनकी बेटी व उन्हें जान से मारने की धमकियां देता था। इन्होंने अंशिका की शादी पुरानी सब बातें भुला कर उसी युवक से नए सिरे से तय कर दी थी और 24 सितंबर को उसकी शादी होनी थी। 22 सितंबर की रात अंशिका ने फोन पर उक्त युवक से बात की और बताया कि युवक का चाचा उन्हें धमकियां दे रहा है। उसी रात अंशिका अपने कमरे में सोने चली गई, लेकिन सुबह गायब मिली। परिजन पूरा दिन बेटी को ढूंढते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार शाम को करीब 3:30 बजे बैरियां मंजड में सडक़ किनारे पुलिया के नीचे अंशिका का शव अधजली हालत में पड़ा मिला। मां का आरोप है कि उसकी बेटी को उक्त युवक व उसके चाचा ने साजिश रचकर मौत के घाट उतार दिया है और सबूत मिटाने के लिए शव को जलाया है। उधर, एएसपी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए टांडा भेज दिया है। फोरेंसिंक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए है।