शहर के मेडिकल कालेज मार्ग पर चर्च के समीप गुरुवार सवेरे एक विशालकाय पेड़ के गिरने से एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गनीमत यह रही कि अल सवेरे पेड़ गिर...
चर्च के पास गिरा पेड़, बिजली हुई गुल
शहर के मेडिकल कालेज मार्ग पर चर्च के समीप गुरुवार सवेरे एक विशालकाय पेड़ के गिरने से एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गनीमत यह रही कि अल सवेरे पेड़ गिरने के दौरान बाजार पूरी तरह से खाली था। अगर यह हादसा दिन के समय हुआ होता तो कई लोग इस पेड़ की चपेट में आ सकते थे।
बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह समय करीब पांच बजे अचानक एक पेड़ दुकान की छत पर जा गिरा। इससे दुकान की छत को काफी नुकसान हुआ है। पेड़ के गिरने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और प्रशासन को भी सूचित किया। पेड़ की चपेट में बिजली की तारें भी आई हैं, जिसके परिणाम स्वरूप बाजार में बिजली गुल हो गई है। बिजली बोर्ड के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर बिजली बहाली का कार्य आरंभ कर दिया है। दमकल विभाग की टीम ने पेड को सडक से हटाकर यातायात को सामान्य बनाया।
क्या बोले चंबा के कार्यवाहक एसडीएम
कार्यवाहक एसडीएम चंबा राहुल धीमान ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल विभाग और बिजली बोर्ड की टीमों को मौके पर भेज दिया गया है। इस घटना में दुकानदार को काफी नुकसान हुआ है।