महाशिवरात्रि के पावन मौके पर ऐतिहासिक चंद्रशेखर महाराज मंदिर में रविवार को पूजा- अर्चना के लिए हजारों की तादाद में श्रद्धालुओं ने हाजिरी भरी। इस दौरान...
महाशिवरात्रि पर चंबा में उमड़ा आस्था का सैलाब
महाशिवरात्रि के पावन मौके पर ऐतिहासिक चंद्रशेखर महाराज मंदिर में रविवार को पूजा- अर्चना के लिए हजारों की तादाद में श्रद्धालुओं ने हाजिरी भरी। इस दौरान मंदिर परिसर में ध्वजारोहण के अलावा हवन यज्ञ का आयोजन भी किया गया। महाशिवरात्रि पर्व पर आयोजित विशेष पूजा-अर्चना में पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी और सदर विधायक नीरज नैयर ने अपनी धर्मपत्नी भारती नैयर संग उपस्थिति दर्ज करवाई। रात्रि पहर मंदिर में शिव नुआले का आयोजन भी किया गया। सोमवार को मंदिर परिसर में महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।
महाशिवरात्रि पर्व को लेकर मंदिर परिसर को दुल्हन की तरह सजाया गया था। महाशिवरात्रि के मौके पर चंद्रशेखर महाराज मंदिर में पूजा अर्चना के लिए जिला के दूरस्थ क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला अल सवेरे आरंभ हो गया था। मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए दिन भर श्रद्धालुओं की लंबी लाइनें लगी रही। दोपहर बाद में मंदिर परिसर में ध्वजारोहण की रस्म मुख्यातिथि सदर विधायक नीरज नैयर व मंदिर कमेटी सदस्यों ने अदा की। तदोपरांत आयोजित हवन-यज्ञ में हिस्सा लेते हुए पूर्णाहूति डाली। महाशिवरात्रि के मौके पर मंदिर परिसर में पहुंचे गणमान्य लोगों को कमेटी की ओर से स्मृति चिंह देकर सम्मानित भी किया गया। चंबा जनपद में महाशिवरात्रि के पर्व पर चंद्रशेखर मंदिर में पूजा-अर्चना का विशेष महत्व रहता है। महाशिवरात्रि के मौके पर मंदिर में माथा टेकने के लिए जिला के दूरस्थ क्षेत्रों से हजारों की तादाद में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मंदिर कमेटी प्रधान अदीप चौणा ने महाशिवरात्रि पर्व के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सदस्यों व लोगों का विशेष तौर से आभार प्रकट किया है।