ग्राम पंचायत किहार के मेड़ा में सोमवार सुबह संदिग्ध अवस्था में युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान अंकु (26) पुत्र हंसराज निवासी जशोह, डाकघर भांदल के...
मेड़ा में मृत मिला जशोह का युवक, परिजन बोले- बोटी से हुई थी बहस
ग्राम पंचायत किहार के मेड़ा में सोमवार सुबह संदिग्ध अवस्था में युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान अंकु (26) पुत्र हंसराज निवासी जशोह, डाकघर भांदल के रूप में हुई है। वहीं, मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि रविवार को अंकु प्रिंगलूणी गांव में आयोजित एक शादी समारोह में गया था। जहां पर खाना बनाने वाले बोटी के साथ उसकी बहस हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पानी की नहर की मरम्मत को जा रहे लोगों से शव देख तुरंत पंचायत प्रतिनिधि को सूचित किया। पंचायत प्रतिनिधि की ओर से किहार थाना में इस बारे में सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत कांगड़ा जिले से फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। सूचना मिलने के बाद फोरेंसिक टीम दोपहर बाद घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मौके से साक्ष्य भी एकत्रित किए। बहरहाल, पुलिस ने 194 बीएनएसएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर शव मेडिकल कॉलेज चंबा में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पुलिस ने बोटी से की पूछताछ
परिजनों के आरोपों के बाद पुलिस ने उक्त बोटी को मौके पर बुलाकर उससे पूछताछ की। पूछताछ में बोटी ने बताया कि खाना बनाने की जगह पर आकर अंकु बर्तनों और चूल्हे को पांव लगा रहा था। ऐसा करने से मना करने पर उसके साथ बहसबाजी हुई। जिस पर उसने अंकु को वहां से बाहर निकाल दिया। रविवार को वह आयोजन स्थल पर रात का खाना बनाने के बाद सुबह भी वहीं मौजूद रहा। बहरहाल, पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान कलमबद्ध कर लिए हैं।
युवक की मौत के मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। सुबह घटना की सूचना मिलने के बाद फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने घटना स्थल से जरूरी साक्ष्य जमा किए हैं। परिजनों के आरोपों को भी गौर से सुना गया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह का खुलासा होगा। रंजन शर्मा, डीएसपी सलूणी