धर्मशाला। अग्निवीर भर्ती रैली के तीसरे दिन सोमवार को युवाओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सिंथेटिक ट्रैक धर्मशाला पर चल रही भर्ती प्रक्रिया में देश...
अग्निवीर भर्ती : सेना में जाने का युवाओं में जबरदस्त उत्साह
धर्मशाला। अग्निवीर भर्ती रैली के तीसरे दिन सोमवार को युवाओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सिंथेटिक ट्रैक धर्मशाला पर चल रही भर्ती प्रक्रिया में देश सेवा और सेना की वर्दी पहनने का सपना लेकर सुबह तड़के पहुंचे 479 अभ्यर्थियों ने शारीरिक दक्षता परीक्षा (ग्राउंड टेस्ट) में हिस्सा लिया। इस दौरान धर्मशाला, कांगड़ा और नगरोटा बगवां तहसीलों से आए युवाओं ने भर्ती प्रक्रिया के सभी चरण पूरे किए।
भर्ती प्रक्रिया के तहत तड़के साढ़े चार बजे अभ्यर्थियों का प्रवेश शुरू हुआ, जहां दस्तावेजों और पहचान सत्यापन के बाद उन्हें 1.6 किलोमीटर दौड़, पुल-अप, नौ फीट डिच और जिग-जैग बैलेंस जैसे कड़े टेस्टों से गुजरना पड़ा। ग्राउंड टेस्ट पास करने वाले अभ्यर्थियों का मौके पर ही शारीरिक माप और चिकित्सीय परीक्षण भी किया गया। अब तक तीन दिनों में कांगड़ा जिले के 1,452 युवा ग्राउंड टेस्ट में पसीना बहा चुके हैं।
भर्ती निदेशक कर्नल विशाल शाह ने कहा कि भर्ती रैली में केवल कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) पास अभ्यर्थियों को ही बुलाया गया है। कांगड़ा और चंबा जिलों से कुल 5,631 अभ्यर्थी आमंत्रित हैं। पहले दिन 489, दूसरे दिन 484 और तीसरे दिन 479 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। सभी अभ्यर्थी समय पर भर्ती स्थल पहुंचें, जरूरी दस्तावेज साथ लाएं और अनुशासन बनाए रखें।