चुराह उपमंडल के गांव चमला में घर में घुसकर मारपीट करने और बहु को जबरन ले जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में 16 लोगों पर एफआईआर दर्ज हुई है। पुलि...
मारपीट के बाद बहु को जबरन ले जाने पर 16 लोगों पर एफआईआर
चुराह उपमंडल के गांव चमला में घर में घुसकर मारपीट करने और बहु को जबरन ले जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में 16 लोगों पर एफआईआर दर्ज हुई है। पुलिस को दिए बयान में शिकायतकर्ता अजाने ठाकुरू निवासी गांव चमला, जसौरगढ़ ने बताया कि उसके छोटे बेटे संतोष कुमार ने 30 दिसंबर 2025 को तांबी देवी पुत्री धनी राम निवासी गांव महलुन से कोर्ट मैरिज की थी। समय की कमी के कारण विवाह पंचायत में दर्ज नहीं हो पाया था।
शिकायतकर्ता के अनुसार 2 जनवरी 2026 की सुबह करीब 5:30 बजे जब वह अपने घर में सो रहा था। तभी दरवाजा खटखटाया गया। दरवाजा खोलते ही उनके सामने सुरेश कुमार निवासी गांव कुम्हारका, धनी राम, लांबो देवी, धनी राम की बेटी और उसका मंगेतर सहित 16 अन्य लोग खड़े हो गए।
उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों ने उन्हें धक्का देकर जबरन घर में प्रवेश किया और गाली-गलौज किया। शोर सुनकर शिकायतकर्ता की पत्नी ठाकुरी देवी, बेटा संतोष कुमार और परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए।
इस दौरान आरोपियों ने शिकायतकर्ता की पत्नी और बेटे के साथ मारपीट की और उसकी बहु तांबी देवी को जबरन अपने साथ ले गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर तफ्तीश आरंभ कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ा दी है।