भरमौर (चंबा)। राजकीय महाविद्यालय चंबा और भरमौर में पहली जून से दाखिले के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं । कॉलेज प्रशासन ने स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्र...
चंबा और भरमौर कॉलेज में आवेदन प्रक्रिया शुरू
भरमौर (चंबा)। राजकीय महाविद्यालय चंबा और भरमौर में पहली जून से दाखिले के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं । कॉलेज प्रशासन ने स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया का शेड्यूल जारी कर दिया है। बीए, बीएससी और बीकॉम प्रथम वर्ष में प्रवेश प्रक्रिया एक से शुरू होकर 19 जून तक चलेगी। विद्यार्थी राजकीय महाविद्यालय भरमौर की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस बार हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार कॉलेज में राष्ट्रीय शिक्षा नीति को पूरी तरह लागू किया जा रहा है। इससे विद्यार्थियों को विषयों के चयन में अधिक विकल्प मिलेंगे। इसके बाद ऑफलाइन एडमिशन काउंसलिंग 19 से 23 जून तक होगी। इसमें अभिभावकों की उपस्थिति अनिवार्य है। स्पोर्ट्स एवं सांस्कृतिक कोटा के तहत आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को 18 जून तक दस्तावेजों की हार्ड कॉपी शारीरिक शिक्षा विभाग में जमा करवानी होगी। मेरिट सूची से संबंधित आपत्तियां 20 जून दोपहर 12 बजे तक स्वीकार की जाएंगी। बीए, बीएससी और बीकॉम द्वितीय एवं तृतीय वर्ष में रोल ऑन आधार पर प्रवेश की प्रक्रिया भी जारी है। प्रवेश के लिए पात्रता शर्तों में सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के लिए दमा दो कक्षा में न्यूनतम 55 प्रतिशत और एससी, एसटी वर्ग के लिए 50 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। एससी और एसटी विद्यार्थियों को आयु सीमा में तीन वर्ष की छूट भी प्रदान की जाएगी। निर्धारित तिथि के भीतर फीस जमा न करवाने वाले विद्यार्थियों का प्रवेश रद्द माना जाएगा। प्रथम वर्ष के नए विद्यार्थियों का ओरिएंटेशन जुलाई के पहले सप्ताह में होगा और नियमित कक्षाएं पहली जुलाई से आरंभ होंगी। प्राचार्य डाॅ. हेमंत पाल ने बताया कि जनजातीय क्षेत्र भरमौर के दूरदराज के विद्यार्थियों की सुविधा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।