उपायुक्त चंबा मुकेश रेप्सवाल ने बुधवार को शहर के सुल्तानपुर वार्ड के विभिन्न हिस्सों में गत रोज बारिश के कारण हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने कहा क...
नुकसान का आकलन कर होगी उचित कार्रवाई
उपायुक्त चंबा मुकेश रेप्सवाल ने बुधवार को शहर के सुल्तानपुर वार्ड के विभिन्न हिस्सों में गत रोज बारिश के कारण हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि नुकसान का आकलन करके प्रभावितों को उचित सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि बारिश के कारण रिहायशी क्षेत्र में बहकर आए मलबे हटाने के लिए जेसीबी मशीनें लगाई जाएं। इससे उपायुक्त ने न्यू बस अड्डे के पास शीतला पुल के समीप रावी नदी के तेज बहाव के कारण हुए भूमि कटाव की जद में आए हिस्से का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण विभिन्न हिस्सों में बारिश से काफी नुकसान होने से आम जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त हुआ है। उन्होंने बताया कि बारिश से हुए नुकसान की भरपाई को लेकर काम लगातार जारी है।
उल्लेखनीय है कि शहर के सुल्तानपुर वार्ड स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में नाले के तेज बहाव व भूस्खलन के कारण लाखों की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। मलबे ने कई घरों और दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया है। इंडस्ट्रियल एरिया में भूस्खलन के चलते 4-5 औद्योगिक इकाइयों की इमारतें मलबे में दब गई हैं। एक कार मलबे के साथ आए विशाल पत्थरों की टक्कर से उछलकर पास की एक इमारत की छत पर जा गिरी, जिससे लेंटल और दीवारें टूटने से भीतर रखा सारा सामान नष्ट हो गया। इसके साथ ही बालू मोहल्ले में भी फ्लैश फ्लड के कारण कई घरों में मलबा घुस गया है। इस मौके पर एसपी चंबा अभिषेक यादव व नगर परिषद चंबा की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल भी मौजूद रहीं।