अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 की सांस्कृतिक संध्याओं के लिए आयोजित ऑडिशन प्रक्रिया के तीसरे दिन गुरुवार को भटियात और डलहौजी उपमंडलों के 84 कलाकारों एव...
भटियात-डलहौजी के कलाकारों ने ऑडिशन में बिखेरा हुनर
अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 की सांस्कृतिक संध्याओं के लिए आयोजित ऑडिशन प्रक्रिया के तीसरे दिन गुरुवार को भटियात और डलहौजी उपमंडलों के 84 कलाकारों एवं नृत्य दलों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही पिछले तीन दिनों में नगर परिषद चंबा, चंबा, भटियात और डलहौजी उपमंडलों के कुल 407 कलाकार ऑडिशन में भाग ले चुके हैं। मिंजर मेला के सांस्कृतिक मंच पर उत्कृष्ट स्थानीय कलाकारों और नृत्य दलों के चयन के लिए जिला प्रशासन ने दो स्क्रीनिंग कमेटियों का गठन किया है। 14 जुलाई से पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंबा में दोनों कमेटियां कलाकारों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन कर रही हैं। स्क्रीनिंग में सफल कलाकारों को मिंजर मेला की सांस्कृतिक संध्याओं में प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा।
जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा ने बताया कि गुरुवार को भटियात और डलहौजी उपमंडलों के 84 कलाकारों ने ऑडिशन दिया। उन्होंने बताया कि 17 जुलाई को सलूणी और तीसा, 18 जुलाई को भरमौर और पांगी तथा 20 जुलाई को जिला चंबा से बाहर के कलाकारों के ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे।