नकरोड़-चांजू संपर्क मार्ग पर डोडनी नाला के पास चढ़ाई पर बिगड़ा नियंत्रण, घायल तीसा अस्पताल में भर्ती चुराह उपमंडल के नकरोड़- चांजू संपर्क मार्ग पर...
संतुलन बिगड़ा, खाई में गिरी पिकअप, चालक घायल
नकरोड़-चांजू संपर्क मार्ग पर डोडनी नाला के पास चढ़ाई पर बिगड़ा नियंत्रण, घायल तीसा अस्पताल में भर्ती
चुराह उपमंडल के नकरोड़- चांजू संपर्क मार्ग पर डोडनी नाला के समीप पिकअप वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से चालक घायल हो गया। घायल का सिविल अस्पताल तीसा में उपचार चल रहा है। जहां घायल की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस टीम घटना की जांच में जुटी हुई है। फिलहाल इस घटना को लेकर अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। जानकारी के अनुसार पठानकोट से पराली लेकर चांजू की ओर जा रही पिकअप वाहन के चालक ने डोडनी नाला के पास सटीक चढ़ाई पर अचानक नियंत्रण खो दिया। परिणामस्वरूप पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर नीचे खाई में जा गिरी। इस घटना में वाहन चालक सांइदीन, पुत्र उमरदीन, वासी गांव कौसलपुर, तहसील व जिला पठानकोट घायल हो गया।
इलाकावासियों ने नकरोड़-चांजू मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्से की मुरम्मत करके आवाजाही को सुगम व सुरक्षित बनाने की उठाई मांग
वाहन गिरने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने तुरंत घायल को उठाकर उपचार के लिए तीसा अस्पताल भिजवाया। इसी बीच घटना की सूचना पाते ही नकरोड पुलिस चौकी से टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। उल्लेखनीय है कि नकरोड-चांजू संपर्क मार्ग पर डोडनी नाला का क्षतिग्रस्त हिस्सा डेंजर प्वाईंट बन चुका है। कुछ दिन पहले भी डोडनी नाला में एक पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुका है। हालांकि इस घटना में चालक छलांग लगाकर खुद को बचाने में कामयाब रहा था। इलाकावासियों ने नकरोड़-चांजू मार्ग के इस क्षतिग्रस्त हिस्से की मुरम्मत करके आवाजाही को सुगम व सुरक्षित बनाने की मांग उठाई है।