प्रदेश के अग्रणी मीडिया ग्रुप दिव्य हिमाचल में बनीखेत बस अड्डे स्थित एचआरटीसी के प्रतीक्षालय में गंदगी के अंबार से राहगीरों और मुसाफिरों को पेश आ रही...
चकाचक हुआ बनीखेत का प्रतीक्षालय
प्रदेश के अग्रणी मीडिया ग्रुप दिव्य हिमाचल में बनीखेत बस अड्डे स्थित एचआरटीसी के प्रतीक्षालय में गंदगी के अंबार से राहगीरों और मुसाफिरों को पेश आ रही दिक्कतों को लेकर प्रकाशित समाचार का नगर पंचायत प्रबंधन ने कड़ा संज्ञान लिया है। सोमवार को समाचार प्रकाशित होने के बाद नगर पंचायत ने कर्मचारियों को मौके पर भेजकर प्रतीक्षालय की साफ-सफाई करवा दी। प्रतीक्षालय की सफाई होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। जनहित के मुद्दे को प्रभावी तरीके से उठाकर समस्या का समाधान करवाने के लिए स्थानीय लोगों ने दिव्य हिमाचल का आभार जताया। उन्होंने मांग की कि प्रतीक्षालय में दोबारा गंदगी न फैले, इसके लिए नियमित निगरानी की व्यवस्था की जाए।
साथ ही गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी अमल में लाई जाए। उल्लेखनीय है कि दिव्य हिमाचल के सोमवार के अंक में प्रतीक्षालय की बदहाल व्यवस्था को लेकर ‘बारिश में कहां बैठे यात्री, बदहाल पड़ा प्रतीक्षालय’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया गया था। समाचार में प्रतीक्षालय में फैली गंदगी और कूड़ा-कर्कट के कारण यात्रियों को पेश आ रही दिक्कतों को प्रमुखता से उठाया गया था। उधर, नगर पंचायत बनीखेत की सचिव राखी कौशल ने बताया कि प्रतीक्षालय की साफ-सफाई करवा दी गई है। उन्होंने कहा कि जनहित को ध्यान में रखते हुए नगर पंचायत की ओर से यह कार्य करवाया गया है। उन्होंने बताया कि भविष्य में प्रतीक्षालय की साफ-सफाई का जिम्मा संबंधित प्रबंधन का रहेगा।