भालू का वीडियो पुराना, टीम को कहीं पर भालू का नहीं मिला सुराग मणिमहेश की डल झील के पास टिन के डिब्बे में सिर फंसाने वाले भालू को वन विभाग की...
नहीं मिला डिब्बे में फंसा भालू, वन विभाग की टीम लौटी
भालू का वीडियो पुराना, टीम को कहीं पर भालू का नहीं मिला सुराग
मणिमहेश की डल झील के पास टिन के डिब्बे में सिर फंसाने वाले भालू को वन विभाग की टीम ढूंढ नहीं पाई और अब वापस लौट आई है। डल झील से लेकर आसपास के इलाके में सर्च करने के उपरांत भी टीम को भालू नहीं मिला। अब कयास लगाए जा रहे हैं कि भालू के सिर से डिब्बा निकल गया होगा। वन्य प्राणी विभाग की तरफ से भालू को सुरक्षित निकालने के लिए दो रेंज अफसर, वन रक्षक, वन मित्र और वेटनरी डॉक्टर के साथ भालू को बेहोश करने के लिए ट्रेंकुलाइजर गन भी भेजी गई थी, लेकिन उन्हें मणिमहेश मार्ग के किसी भी पड़ाव में भालू का सुराग नहीं मिला। एक दिन तक टीम ने डल झील के आसपास सर्च अभियान चलाया। बर्फ और कड़ाके की ठंड में यह टीम भालू की तलाश में हर उस जगह गई, जहां पर भालू मिलने की संभावना थी, लेकिन सभी जगह तलाश करने के उपरांत भी भालू नहीं मिल पाया। उधर, वन्य प्राणी विभाग के डीएफओ कुलदीप जम्वाल ने बताया कि डल झील से टीम बुधवार रात को वापस भरमौर पहुंची। भालू का जो वीडियो है, वह पुराना है, इसलिए टीम को कहीं पर भालू का सुराग नहीं मिला।