मिंजर मेले से लौटते वक्त खड्ड में गिरी बाइक, चालक लापता

चंबा-साहो मार्ग पर बालू के समीप रविवार देर रात एक मोटरसाइकिल के साल खड्ड में गिर जाने से बाइक चालक तेज बहाव में बहकर लापता हो गया, जबकि पीछे बैठा एक य...

मिंजर मेले से लौटते वक्त खड्ड में गिरी बाइक, चालक लापता

मिंजर मेले से लौटते वक्त खड्ड में गिरी बाइक, चालक लापता

चंबा-साहो मार्ग पर बालू के समीप रविवार देर रात एक मोटरसाइकिल के साल खड्ड में गिर जाने से बाइक चालक तेज बहाव में बहकर लापता हो गया, जबकि पीछे बैठा एक युवक घायल हो गया। घायल का उपचार पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, चंबा में चल रहा है। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम लापता युवक की तलाश में लगातार सर्च अभियान चला रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार रात दो युवक अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले से लौट रहे थे। इसी दौरान बालू के पास उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर साल खड्ड में जा गिरी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि बाइक चला रहा युवक तेज बहाव में बह गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और रात में ही खोज अभियान शुरू किया। हालांकि अंधेरा होने के कारण युवक का कोई सुराग नहीं लग सका। सोमवार सुबह पुलिस ने एनडीआरएफ की टीम के साथ दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान साल खड्ड से लेकर कियाणी तक रावी नदी में भी लापता युवक की तलाश की गई, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल पाया। इस बीच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) दिनेश शर्मा ने भी घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सरू निवासी शुभम को साल खड्ड से सुरक्षित बाहर निकाल लिया था, जबकि मोटरसाइकिल चला रहा सक्षम खड्ड में गिरने के बाद तेज बहाव में बह गया। देर शाम तक चले सर्च अभियान के बावजूद न तो मोटरसाइकिल का पता चल सका और न ही लापता युवक का।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) चंबा विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस नियमानुसार मामले की जांच कर रही है तथा लापता युवक की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है।