हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में मंगलवार को कमरूनाग मंदिर से दर्शन कर लौट रहे सोलन जिले के श्रद्धालुओं से भरी ट्रेवलर हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा...
ब्रेक फेल होने से कमरूनाग मार्ग पर पहाड़ी से टकराई ट्रैवलर, नाै श्रद्धालु घायल
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में मंगलवार को कमरूनाग मंदिर से दर्शन कर लौट रहे सोलन जिले के श्रद्धालुओं से भरी ट्रेवलर हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रेवलर के ब्रेक फेल होने से यह दुर्घटना हुई, जिसमें 9 लोग घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्री सुरक्षित बच गए। घटना के बाद चीख पुकार मच गई। जानकारी के अनुसार सोलन जिले से 12 श्रद्धालु कमरूनाग मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। वापसी के दौरान शाला से करीब डेढ़ किलोमीटर पीछे अचानक ट्रैवलर के ब्रेक फेल हो गए। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत ट्रैवलर को पहाड़ी से टकरा दिया, जिससे वाहन खाई में गिरने से बच गया और बड़ी जनहानि टल गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से नागरिक चिकित्सालय गोहर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर हैं। थाना प्रभारी देवराज ने बताया कि वाहन में कुल 12 लोग सवार थे, जिनमें से 9 को चोटें आई हैं। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ब्रेक फेल होना सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों से भी पूछताछ की जा रही है।