हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जोगिंद्रनगर में नगर निकाय चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद रविवार देर शाम जीत का जश्न उस समय अफरातफरी में बदल गया, जब एक ह...
जोगिंद्रनगर में जीत के जश्न के बीच सांड का हमला, सात घायल, कई ने भागकर बचाई जान
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जोगिंद्रनगर में नगर निकाय चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद रविवार देर शाम जीत का जश्न उस समय अफरातफरी में बदल गया, जब एक हिंसक सांड ने भीड़ पर हमला कर दिया। घटना पुलिस थाना के समीप स्थित राजकीय बाल पाठशाला जोगिंद्रनगर के मुख्य गेट के पास हुई। सांड के हमले में सात लोग घायल हो गए, जबकि मौके पर मौजूद चुनाव ड्यूटी कर्मचारी और पुलिस कर्मी बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार चुनाव परिणाम आने के बाद प्रत्याशी और समर्थक जश्न मना रहे थे।
इसी दौरान सैकड़ों लोगों की भीड़ के बीच अचानक एक सांड उग्र हो गया और लोगों पर हमला करते हुए मतगणना स्थल की ओर भागने लगा। इससे मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। पुलिस कर्मियों और चुनाव ड्यूटी से लौट रहे कर्मचारियों ने भागकर अपनी जान बचाई। सांड के हमले में स्थानीय निवासी राज सहित सात लोगों को आंशिक चोटें आई हैं। घायलों में शहरी क्षेत्र के छह अन्य लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं मौके पर मौजूद लोगों ने सुरक्षित स्थानों पर भागकर खुद को बचाया। घटना के बाद कुछ देर तक क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा। लोगों ने प्रशासन से शहर में लावारिस पशुओं की बढ़ती समस्या पर प्रभावी कार्रवाई की मांग उठाई है।