मणिमहेश यात्रा शुरू हो चुकी है। चंबा पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। आने वाले दिनों में यात्रा के चरम पर पहुंचने के साथ यात्रियो...
डिमांड आएगी तो दौड़ेंगी बसें, वरना मणिमहेश यात्री करें इंतजार
मणिमहेश यात्रा शुरू हो चुकी है। चंबा पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। आने वाले दिनों में यात्रा के चरम पर पहुंचने के साथ यात्रियों का दबाव भी बढ़ना तय है।
बावजूद इसके श्रद्धालुओं को भरमौर और यात्रा मार्ग तक पहुंचाने वाली परिवहन व्यवस्था अभी अतिरिक्त बसों की डिमांड के इंतजार में है। एचआरटीसी ने अब तक दूसरे डिपो से अतिरिक्त बसें मंगवाने के लिए डिमांड नहीं भेजी है।
यात्रा से पहले निगम की ओर से 15 अतिरिक्त बसें चलाने की बात कही गई थी। हालांकि, अब चंबा डिपो के पास ही पर्याप्त अतिरिक्त बसें उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में यात्रियों की संख्या बढ़ने से पहले दूसरे डिपो से बसें मंगवाकर व्यवस्था मजबूत करने के बजाय निगम सवारियों की डिमांड का इंतजार कर रहा है। निगम का तर्क है कि जब बसों की जरूरत को लेकर डिमांड आएगी, तभी दूसरे डिपो से बसें मंगवाई जाएंगी।
इस व्यवस्था को लेकर सवाल इसलिए भी उठ रहे हैं क्योंकि मणिमहेश यात्रा कोई अचानक होने वाला आयोजन नहीं है। हर वर्ष निर्धारित अवधि में होने वाली इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। पहले यात्रा शुरू होने से पहले ही दूसरे डिपो से अतिरिक्त बसें चंबा पहुंचा दी जाती थीं ताकि श्रद्धालुओं को शुरुआती दिनों से ही पर्याप्त परिवहन सुविधा मिल सके। इस बार अतिरिक्त बसों की व्यवस्था श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने के बाद करने की तैयारी है।
वर्तमान में सैकड़ों श्रद्धालु चंबा से भरमौर और आगे यात्रा मार्ग की ओर रवाना हो रहे हैं। यात्रा के मुख्य चरण में पहुंचते ही बसों की मांग कई गुना बढ़ सकती है। ऐसे में समय रहते अतिरिक्त बसों की व्यवस्था न होने पर यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।