सड़क से हाईवे पर गिरा सीमेंट से लदा ट्रक, बाप-बेटा घायल, एक घंटा ठप रहा यातायात

चुवाड़ी/बनीखेत/चंबा। उपमंडल भटियात के तुन्नुहट्टी क्षेत्र में बुधवार सुबह 9 बजे सड़क हादसा हो गया। नालागढ़ से चंबा की ओर सीमेंट लेकर जा रहा ट्रक तुनु...

सड़क से हाईवे पर गिरा सीमेंट से लदा ट्रक, बाप-बेटा घायल, एक घंटा ठप रहा यातायात

सड़क से हाईवे पर गिरा सीमेंट से लदा ट्रक, बाप-बेटा घायल, एक घंटा ठप रहा यातायात

चुवाड़ी/बनीखेत/चंबा। उपमंडल भटियात के तुन्नुहट्टी क्षेत्र में बुधवार सुबह 9 बजे सड़क हादसा हो गया।
नालागढ़ से चंबा की ओर सीमेंट लेकर जा रहा ट्रक तुनुहट्टी-ककीरा मार्ग पर तीखे मोड़ पर अनियंत्रित हो गया और ऊपर की सड़क से नीचे हाईवे पर आ पहुंचा। ट्रक के परखच्चे उड़ गए। हाईवे पर वाहनों की रफ्तार भी एक घंटे के लिए थम गई। हादसे में ट्रक चालक जसबीर सिंह (38) और उनका 12 वर्षीय बेटा वंश गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के तुरंत बाद तुन्नुहट्टी बैरियर पर तैनात पुलिस जवान और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को वहां से उठाकर उपचार के लिए निजी अस्पताल ककीरा पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को चुवाड़ी अस्पताल रेफर किया गया। चुवाड़ी अस्पताल में दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद दाखिल कर लिया गया। दूसरी ओर, भरमौर-पठानकोट हाईवे पर पुलिस टीम ने लोगों की मदद से बीच राह से ट्रक के पार्ट और सीमेंट की बोरियों को उठाकर हाईवे किनारे किया। इसके बाद ही हाईवे पर रफ्तार सुचारू हो पाई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

तुन्नुहट्टी-ककीरा मार्ग पर ऊपरी सड़क से वाहनों के नीचे हाईवे पर गिरने की यह चौथी घटना है। इससे पहले भी तीन ट्रक अनियंत्रित हो हाईवे पर गिर चुके हैं। एक माह पहले इसी तुन्नुहट्टी-ककीरा मार्ग घारी में इनोवा गाड़ी गिरने से 5 पर्यटकों सहित 6 लोगों की मौत और चार लोग घायल हो गए थे। लगातार हो रही दुर्घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि सड़क के खतरनाक मोड़ों पर पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध न होने के कारण हादसों का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से जल्द प्रभावी सुरक्षा उपाय करने की मांग उठाई है।

लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि विभागीय अधिकारियों को मौके पर भेज कर वास्तुस्थिति का जायजा लिया जाएगा। दुर्घटनाओं को रोकने के लिए हर संभव प्रयास व कार्य करवाए जाएंगे। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।