चंबा में डिजिटल तरीके से की जाएगी जनगणना

27 अप्रैल से नागरिक पोर्टल के जरिए आनलाइन दर्ज करवाएं जानकारी, डीसी मुकेश रेप्सवाल ने बैठक कर अधिकारियों को दिए निर्देश उपायुक्त व जिला जनगणना अधिकार...

चंबा में डिजिटल तरीके से की जाएगी जनगणना

चंबा में डिजिटल तरीके से की जाएगी जनगणना

27 अप्रैल से नागरिक पोर्टल के जरिए आनलाइन दर्ज करवाएं जानकारी, डीसी मुकेश रेप्सवाल ने बैठक कर अधिकारियों को दिए निर्देश
उपायुक्त व जिला जनगणना अधिकारी मुकेश रेप्सवाल ने कहा कि जिला में जनगणना-2027 दो चरणों में की जाएगी, जोकि स्वतंत्र भारत की पहली डिजिटल जनगणना होगी। उन्होंने कहा कि पहले चरण की जनगणना 12 मई से 11 जून तक होगी। उपायक्त जिला में जनगणना के सफल एवं सुचारू संचालन को लेकर आयोजित बैठक में बोल रहे थे। उपायुक्त ने बताया कि पिछली जनगणना वर्ष 2011 में संपन्न हुई थी। अब जनगणना-2027 देश की 16वीं राष्ट्रीय जनगणना होगी। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं आवास जनगणना की जाएगी। इसके लिए सामान्य प्रशासन विभाग हिमाचल प्रदेश की ओर से तीन फरवरी को जारी अधिसूचना के अंतर्गत जनगणना के समय, कर्मियों (प्रगणकों) द्धारा 33 प्रश्न पूछे जाएंगे जिसमें आवास की स्थिति, पेयजल, शौचालय, बिजली, रसोई ईंधन, इंटरनेट एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित प्रश्न शामिल रहेंगे।
जनगणना-2027 के अंतर्गत आधुनिक डिजिटल तकनीक का उपयोग किया जाएगा जिसमें नागरिकों को स्व-गणना (सेल्फ ऐनुमैरेशन) सुविधा उपलब्ध रहेगी। उन्होंने बताया कि घर-घर जनगणना शुरू होने से 15 दिन पहले नागरिक 27 अप्रैल से 11 मई तक नागरिक पोर्टल के माध्यम से आनलाइन अपनी जानकारी दर्ज करवा सकेंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनगणना के लिए निर्धारित की गई सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करना सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना-2027 के इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में सहयोग प्रदान करें तथा प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाएं। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा, जिला राजस्व अधिकारी विक्रम जीत सिंह, ओएसडी उमाकांत सहित विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।