आम राहगीरों से लेकर वाहन चालकों तक को भारी परेशानियों का करना पड़ रहा सामना शहर की सड़कों पर अब चलना किसी चुनौती से कम नहीं। मेन बाजार की सड़...
शहर की सड़कें सिकुड़ी, दुकानदारी पसरी
आम राहगीरों से लेकर वाहन चालकों तक को भारी परेशानियों का करना पड़ रहा सामना
शहर की सड़कों पर अब चलना किसी चुनौती से कम नहीं। मेन बाजार की सड़क पर दुकानदारी और अतिक्रमण इस कदर हावी हो गया है कि आम राहगीरों से लेकर वाहन चालकों तक को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के एक ओर रेहड़ियां और फड़ी तो दूसरी ओर खड़े निजी वाहन, बीच की जगह में सिमटा हुआ है, यहां जाम आम हो गया है। यही हाल अब शहर के मुख्य चौक, डाकघर चौक से लेकर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रोड का बन गया है। हालत यह है कि एंबुलेंस और स्कूली वाहनों तक को जाम में फंसना पड़ता है, जिससे कभी भी आपात स्थिति बन सकती है।
एक्शन तो होता है, असर नहीं
समय-समय पर जिला प्रशासन के निर्देश पर नगर परिषद चंबा और पुलिस विभाग की ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाती रही है, लेकिन, जैसे ही अभियान थमता है, अतिक्रमणकारी फिर से वहीं दुकानदारी जमाने लगते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्रवाई में सख्ती की कमी और निरंतर निगरानी के अभाव के कारण ही यह समस्या लगातार बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का सुझाव
स्थानीय नागरिक अजीत कुमार, सुरेश कुमार, मनोहर लाल, मनोज कुमार, किशन चंद और राकेश कुमार ने बताया कि हर दिन बाजार से निकलना किसी जंग लड़ने जैसा लगता है। यदि दुकानदार अपने सामान को दुकानों तक सीमित रखें और अवैध फड़ीवालों को हटाया जाए तो स्थिति में सुधार हो सकता है। मामला संज्ञान में लिया गया है। दुकानदारों को स्पष्ट आदेश दिए जाएंगे कि वे अपने सामान को दुकानों के भीतर तक ही सीमित रखें। सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नीलम नैयर, अध्यक्ष, नगर परिषद चंबा