अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले का औपचारिक समापन रविवार को हो चुका है लेकिन मेले में लगे व्यापारिक स्टॉलों पर खरीदारी का सिलसिला अभी जारी रहेगा। जिला प्रशासन...
मिंजर मेले में नौ तक रहेंगी व्यापारिक गतिविधियां
अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले का औपचारिक समापन रविवार को हो चुका है लेकिन मेले में लगे व्यापारिक स्टॉलों पर खरीदारी का सिलसिला अभी जारी रहेगा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि व्यापारिक गतिविधियां नौ अगस्त तक संचालित होंगी, जबकि 10 अगस्त को चारों चौगानों को पूरी तरह खाली करवा दिया जाएगा। प्रशासन ने यह भी साफ कर दिया है कि इस बार किसी भी व्यापारी को निर्धारित समय सीमा से आगे अतिरिक्त मोहलत नहीं दी जाएगी। मेले के समापन के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम तो समाप्त हो गए हैं लेकिन व्यापारिक गतिविधियों ने अब रफ्तार पकड़ ली है। पिछले दिन से लगातार बारिश के कारण कारोबार प्रभावित रहा था। कई व्यापारियों ने बिक्री कम होने की बात कही थी लेकिन मौसम में सुधार के बाद अब चौगानों में लोगों की आवाजाही बढ़ने लगी है। इससे दुकानदारों को कारोबार बेहतर होने की उम्मीद जगी है। सभी अस्थायी दुकानें, झूले और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान नौ अगस्त तक ही संचालित किए जा सकेंगे। इसके बाद 10 अगस्त को संबंधित विभागों की निगरानी में चारों चौगानों को खाली करवाया जाएगा, जिससे मैदानों को उनकी मूल स्थिति में बहाल किया जा सके और सफाई सहित अन्य आवश्यक कार्य समय पर पूरे किए जा सकें।
जिला प्रशासन ने सभी व्यापारियों से निर्धारित समय सीमा का पालन करने के निर्देश दिए हैं। समय सीमा समाप्त होने के बाद किसी भी व्यापारी को अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा। एसडीएम चिराग शर्मा ने बताया कि नौ अगस्त तक चौगानों में कारोबार जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि दस अगस्त को सभी चौगान खाली करवाए जाएंगे। इसके बारे में व्यापारियों को पहले ही निर्देशित किया जा चुका है।