चौपाल प्रशासन ने महाशिवरात्रि पर चूड़धार का रुख करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए कड़ा रुख अपनाया है। उपमंडलाधिकारी (नागरिक) एवं मंदिर कमे...
शिवरात्रि पर चूड़धार यात्रा पर पूर्ण प्रतिबंध
चौपाल प्रशासन ने महाशिवरात्रि पर चूड़धार का रुख करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए कड़ा रुख अपनाया है। उपमंडलाधिकारी (नागरिक) एवं मंदिर कमेटी अध्यक्ष हेम चंद वर्मा ने स्पष्ट किया है कि अप्रैल 2026 तक यात्रा पर पहले ही प्रतिबंध लगा है और शिवरात्रि पर किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चूड़धार के रास्तों पर इस समय पांच से आठ फुट तक भारी बर्फ जमी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शिवरात्रि के दौरान भारी बारिश और बर्फबारी की और भी संभावना है, जिससे रास्ता जानलेवा साबित हो सकता है। श्रद्धालुओं को जोखिम से बचाने के लिए प्रशासन ने चारों तरफ से घेराबंदी कर दी है। 14 और 15 फरवरी को मुख्य मार्गों पर विशेष पुलिस बल तैनात रहेगा। एसडीएम चौपाल हेम चंद वर्मा ने उपंमण्डल पुलिस अधिकारी (चौपाल) से आग्रह किया है कि 14 और 15 फरवरी को मंदिर के मुख्य मार्गों पर विशेष पुलिस कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
यह निर्णय इसलिए लिया है ताकि श्रद्धालु शिवरात्रि पर जोखिम उठाकर मंदिर की ओर न जाएं। इस प्रतिबंध को प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन ने अंतर-जिला समन्वय स्थापित किया है। एसडीएम संगड़ाह और तहसीलदार नौहराधार से निवेदन किया है कि वे सिरमौर जिला (नौहराधार मार्ग) से आने वाले यात्रियों को रोकने के लिए उचित पुलिस बल तैनात करें। एसडीएम कुपवी को भी कुपवी मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं को रोकने का आग्रह किया है। इस संबंध में उपायुक्त शिमला और उपायुक्त सिरमौर को भी सूचित कर दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि कोई भी निर्देशों की अवहेलना करता पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।