पर्यटक नगरी डलहौजी में शुक्रवार को घनी धुंध छाई रही। सुबह से ही पूरा शहर धुंध की सफेद चादर में लिपटा रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। स्थिति ऐसी रही...
धुंध की सफेद चादर में लिपटा डलहौजी
पर्यटक नगरी डलहौजी में शुक्रवार को घनी धुंध छाई रही। सुबह से ही पूरा शहर धुंध की सफेद चादर में लिपटा रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। स्थिति ऐसी रही कि कुछ ही दूरी पर चल रहे वाहन भी स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहे थे। घनी धुंध के चलते वाहन चालकों को हेडलाइट और फॉग लाइट का सहारा लेकर बेहद सावधानी से वाहन चलाना पड़ा। कई स्थानों पर वाहन धीमी गति से चलते नजर आए, जबकि दोपहिया और चौपहिया वाहन चालकों ने भी सतर्कता के साथ सफर किया। धुंध ने जहां यातायात को प्रभावित किया, वहीं डलहौजी की प्राकृतिक सुंदरता में भी चार चांद लगा दिए।
गांधी चौक, सुभाष चौक, माल रोड और देवदार के घने जंगल धुंध की चादर में लिपटे बेहद मनमोहक दिखाई दिए। पर्यटकों ने इस खूबसूरत नजारे को कैमरों में कैद करते हुए तस्वीरें और वीडियो बनाए। मौसम में बढ़ी नमी के चलते आगामी दिनों में भी सुबह और शाम के समय धुंध छाए रहने की संभावना है। इस बीच उपमंडलीय प्रशासन ने वाहन चालकों से धुंध के दौरान धीमी गति से वाहन चलाने और सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील की है।