परिवहन पेंशनर्स कल्याण संगठन की हुई बैठक संशोधित वेतनमान के एरियर का मुद्दा भी उठाया चंबा। हिमाचल पथ परिवहन पेंशनर्स कल्याण संगठन की मासिक बैठ...
समय पर पेंशन और वित्तीय लाभ जारी करने की मांग
परिवहन पेंशनर्स कल्याण संगठन की हुई बैठक संशोधित वेतनमान के एरियर का मुद्दा भी उठाया
चंबा। हिमाचल पथ परिवहन पेंशनर्स कल्याण संगठन की मासिक बैठक लोक निर्माण विश्राम गृह में संगठन के अध्यक्ष मनोहर लाल की अध्यक्षता में हुई। इसमें पेंशनरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में कुलदीप कुमार, उत्तम सिंह, शाहनवाज खान, शोरूम सिंह, चैन लाल, देशराज, देवराज और इंद्र सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। सदस्यों ने रणनीति के तहत अपनी मांगों को सरकार के समक्ष उठाने पर सहमति जताई। बैठक में पेंशनरों को समय पर पेंशन जारी करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि समय पर पेंशन नहीं मिलने से पेंशनरों को परिवार का खर्च चलाने और बीमारी का इलाज करवाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। संगठन ने मांग की कि एक जनवरी 2016 से पहले सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को सरकार की अधिसूचना के अनुसार 50 और 30 प्रतिशत के लंबित लाभ प्रदान किए जाएं। इसके अलावा निगम के नियमित कर्मचारियों को पहले ही दिए जा चुके तीन प्रतिशत महंगाई भत्ते का लाभ सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी जल्द देने की मांग की गई। बैठक में संशोधित वेतनमान के एरियर का मुद्दा भी उठाया गया। संगठन ने कहा कि अन्य विभागों के नियमित और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को संशोधित वेतनमान का एरियर चरणबद्ध तरीके से दिया जा चुका है लेकिन निगम के नियमित और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अभी तक इसका लाभ नहीं मिला है। संगठन ने सरकार से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को संशोधित वेतनमान का लंबित एरियर जल्द जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि करीब नौ माह बीत जाने के बावजूद कई सेवानिवृत्त कर्मचारियों को न तो पेंशन शुरू हो पाई है और न ही अन्य वित्तीय लाभ जारी हुए हैं। संगठन ने सरकार से ऐसे कर्मचारियों को शीघ्र पेंशन और अन्य वित्तीय लाभ प्रदान करने की मांग की।