गगल (कांगड़ा)। स्थानीय पुलिस थाना के ठेड़ चौक (भडियाड़ा) और जोगी बल्ला क्षेत्र में बुधवार देर रात चोरों ने सड़क किनारे खड़ी एक निजी बस और ठेड़ चौक में...
बस-ट्रैक्टर से डीजल चोरी, आरोपी मौके पर स्कूटी छोड़ भागे
गगल (कांगड़ा)। स्थानीय पुलिस थाना के ठेड़ चौक (भडियाड़ा) और जोगी बल्ला क्षेत्र में बुधवार देर रात चोरों ने सड़क किनारे खड़ी एक निजी बस और ठेड़ चौक में तीन ट्रैक्टरों से डीजल चोरी किया है। ट्रैक्टर मालिक भुवनेश कुमार ने चोरों को तेल चुराते हुए देख लिया। उन्होंने बताया कि बुधवार रात करीब 1 बजे वे चाय पी रहे थे। तभी उन्हें एक स्कूटी की आवाज सुनाई दी और खिड़की से देखा कि स्कूटी ट्रैक्टर के पास आकर बंद हो गई और एक छोटी लाइट जली हुई थी।
शक होने पर वे तुरंत बाहर की तरफ दौड़े और मौके पर देखा कि ट्रैक्टर की पाइप कटी हुई थी। वहीं, आरोपियों ने बस में पाइप लगाकर डीजल चोरी किया था। शोर मचाने पर चोर मौके पर अपनी स्कूटी छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। उधर, पुलिस थाना प्रभारी उधम सिंह राजपूत ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज की है और मौके पर पुलिस टीम ने भी छानबीन की है। मौके पर कब्जे में ली स्कूटी कुछ दस्तावेज मिले हैं, जिसके आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।