पालमपुर (कांगड़ा)। उपमंडल पालमपुर के सुकैड़ी जून गांव में रविवार रात बहू-बेटे के बीच चल रहा घरेलू विवाद खूनी संघर्ष में बदलते-बदलते बच गया। गुस्साए पि...
बहू-बेटे में विवाद, पिता ने बेटे पर चलाई गोली, बाल-बाल बची जान
पालमपुर (कांगड़ा)। उपमंडल पालमपुर के सुकैड़ी जून गांव में रविवार रात बहू-बेटे के बीच चल रहा घरेलू विवाद खूनी संघर्ष में बदलते-बदलते बच गया। गुस्साए पिता ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से बेटे पर फायर कर दिया। बेटे ने बरामदे के खंभे की आड़ लेकर किसी तरह अपनी जान बचाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी लाइसेंसी बंदूक और लाइसेंस जब्त कर लिया है। शिकायतकर्ता सुरेंद्र सिंह (36) ने बताया कि वह ट्रक चालक हैं। 10 जुलाई को घर से ट्रक लेकर गया था, 12 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे जब वह घर लौटे तो कमरे में पत्नी के साथ उनकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर पत्नी उनके पिता मिलाप चंद (62) के कमरे में चली गई। सुरेंद्र जैसे ही बाहर निकले उनके पिता लाइसेंसी बंदूक लेकर बरामदे में खड़े थे और उन्होंने सीधे फायर कर दिया। आरोप है कि पिता दोबारा बंदूक लोड करने लगे तो सुरेंद्र ने कारतूस छीनकर फेंक दिया और वहां से भागकर 112 हेल्पलाइन पर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने भारतीय सेना से सेवानिवृत्त आरोपी मिलाप चंद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला बहू-बेटे के घरेलू विवाद से शुरू होना पाया गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि फायर सीधे बेटे पर किया गया था या यह हवाई फायर था।