सलूणी की ग्राम पंचायत भडेला की लापता युवती का करीब तीन माह बाद भी कोई सुराग न लग पाने से परेशान परिजनों ने किया चक्का जाम

तीन घंटे चक्का जाम, प्रशासन और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी शहर के बालू कस्बे से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता युवती का करीब तीन माह बाद भी कोई सु...

सलूणी की ग्राम पंचायत भडेला की लापता युवती का करीब तीन माह बाद भी कोई सुराग न लग पाने से परेशान परिजनों ने किया चक्का जाम

सलूणी की ग्राम पंचायत भडेला की लापता युवती का करीब तीन माह बाद भी कोई सुराग न लग पाने से परेशान परिजनों ने किया चक्का जाम

तीन घंटे चक्का जाम, प्रशासन और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी

शहर के बालू कस्बे से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता युवती का करीब तीन माह बाद भी कोई सुराग न लग पाने से परेशान परिजनों ने बुधवार को ग्रामीणों संग मुख्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन करते हुए टैक्सी स्टैंड के पास करीब तीन घंटे तक चक्का जाम कर दिया। इस दौरान परिजनों व ग्रामीणों ने प्रशासन व पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। परिजनों व ग्रामीणों के चक्का जाम के दौरान ट्रैफिक जाम होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड रहा। इस दौरान स्कूल वाहन भी जाम में फंसे रहे। करीब चार बजे परिजन व ग्रामीणों के मार्ग से हटने के बाद ट्रैफिक व्यवस्था सामान्य हो पाई। तदोपरांत परिजनों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर दो दिनों के भीतर लापता युवती का सुराग लगाने का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा है कि 19 दिसंबर तक युवती का कोई पता न चल पाने की सूरत में वे दोबारा से सडक पर उतरकर चक्का जाम करेंगे। इसकी सारी जिम्मेदारी जिला प्रशासन व पुलिस की होगी।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी शिक्षक भी युवती के लापता होने की सही वजह की जानकारी नहीं दे पाया

उल्लेखनीय है कि करीब तीन माह पहले सलूणी उपमंडल की ग्राम पंचायत भडेला की युवती अपने बालू स्थित किराए के मकान से अचानक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई थी। युवती से मोबाइल पर संपर्क न होने पर परिजनों ने बालू आकर काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। इस पर पिता ने बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज करवा दी थी। पिता ने बेटी के लापता होने में इलाके के एक शिक्षक पर संदेह जाहिर किया था। पुलिस ने पिता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए शिक्षक को गिरफतार कर लिया था। पुलिस की पूछताछ में आरोपी शिक्षक भी युवती के लापता होने की सही वजह की जानकारी नहीं दे पाया था। इस दौरान पुलिस ने आरोपी का लाई डिटेक्टर टैस्ट भी करवाया था। इन दिनों आरोपी शिक्षक हिरासत में चल रहा है। इस अवधि में परिजनों ने ग्रामीणों संग एसपी व एडीएम से भी मुलाकात कर युवती का पता लगाने की गुहार लगाई थी।

युवती की तलाश को लेकर कड़े कदम उठाने की मांग

परिजन पिछले काफी समय से युवती का पता लगाने की मांग करते आ रहे थे। मगर पुलिस की कार्रवाई से परिजन नाखुश दिख रहे थे। इसके चलते बुधवार सवेरे भडेला पंचायत के उपप्रधान तेजराम की अगुवाई में परिजनों ने ग्रामीणों संग उपायुक्त से मुलाकात कर लापता युवती की तलाश को लेकर कड़े कदम उठाने की मांग की। युवती के पिता लोकी राम व माता देवकी देवी वासी गांव नचनोटी ने बताया कि तीन माह के बाद भी बेटी का कोई सुराग न लग पाने से वह काफी चिंतित हैं। उपायुक्त से मुलाकात के बाद परिजनों ने ग्रामीणों संग अचानक टैक्सी स्टैंड के पास चक्का जाम कर दिया।

क्या बोले उपायुक्त

उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल ने बताया कि बुधवार को सलूणी उपमंडल की भडेला पंचायत की बालू से लापता युवती के परिजनों ने ग्रामीणों संग मुलाकात की थी। उन्होंने बताया कि डीएसपी हैडक्वार्टर व जांच अधिकारी ने परिजनों को मामले में अब तक अमल में लाई कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि युवती के लापता होने की गुत्थी सुलझाने को लेकर पुलिस काम कर रही है। पुलिस के आग्रह पर चमेरा जलाशय में युवती की तलाश हेतु गोताखोर बुलाए गए हैं। आगामी दो दिनों तक गोताखोरों के माध्यम से युवती की जलाशय में तलाश की जाएगी।