पर्यटन नगरी डलहौजी में मानसून सीजन को देखते हुए नगर परिषद ने शहर की जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नालों और नालियों की व्यापक सफाई का विशेष...
मानसून से पहले डलहौजी में हुई नालियों की सफाई
पर्यटन नगरी डलहौजी में मानसून सीजन को देखते हुए नगर परिषद ने शहर की जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नालों और नालियों की व्यापक सफाई का विशेष अभियान शुरू किया है। नगर परिषद अध्यक्ष वंदना चड्ढा के निर्देश पर सफाई कर्मचारी विभिन्न वार्डों और प्रमुख मार्गों के किनारे स्थित नालियों से गाद, मिट्टी और कचरा हटाकर युद्धस्तर पर सफाई कार्य में जुटे हैं। नगर परिषद अध्यक्ष वंदना चड्ढा ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य बारिश के दौरान नालों में पानी का निर्बाध प्रवाह सुनिश्चित करना है, ताकि जलभराव, गंदगी और लोगों को होने वाली परेशानियों से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि सफाई के साथ-साथ निकाली गई गाद और मलबे को भी तुरंत उठाया जा रहा है, जिससे अभियान प्रभावी और व्यवस्थित ढंग से पूरा हो सके।
उन्होंने बताया कि मानसून के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए शहर के संवेदनशील क्षेत्रों की विशेष निगरानी की जा रही है। साथ ही आवश्यक संसाधनों की भी व्यवस्था कर ली गई है। नगर परिषद का लक्ष्य बारिश शुरू होने से पहले सभी प्रमुख नालों और नालियों की सफाई पूरी करना है। वंदना चड्ढा ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे नालियों में कूड़ा-कचरा न डालें और डलहौजी को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने में नगर परिषद का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि ‘स्वच्छ नाले, सुरक्षित डलहौजी’ के संकल्प के साथ नगर परिषद मानसून की हर चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है।