शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तीसरी आंख संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रख रही है। जमीन से सैकड़ों मीटर दूर आसमान में उड़ रहा ड्रोन शहर के उन सभी तमा...
चंबा में ड्रोन की उड़ान से नशे पर लगाम
शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तीसरी आंख संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रख रही है।
जमीन से सैकड़ों मीटर दूर आसमान में उड़ रहा ड्रोन शहर के उन सभी तमाम इलाकों में निगरानी कर रहा है जहां नशे से जुड़ीं गतिविधियां होने की संभावना रहती है। जो भी इस निगरानी के दायरे में गलत गतिविधि करता नजर आया, पुलिस उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। आधुनिकता के दौर में चंबा पुलिस ने भी अपराध पर अंकुश लगाने के लिए आधुनिक तरीका ढूंढ निकाला है। ड्रोन के जरिये शहर के सभी स्थानों पर नजर रखी जा रही है। जैसे ही कोई गतिविधि इसमें कैद होगी तो पुलिस की टीम तुरंत वहां जाकर अपनी कार्रवाई को अंजाम देगी। चामुंडा मंदिर की सीढि़यां, सूही माता मंदिर परिसर, भटालवां मंदिर परिसर और नर सिंह मंदिर सहित कई अन्य इलाकों में ड्रोन के जरिये पुलिस ड्रोन से नजर रख रही है। इन स्थानों पर नशेड़ियों से लेकर मजनुओं का जमावड़ा रहता है। ये कई बार पुलिस के पहुंचने से पहले ही भाग जाते थे। अब ड्रोन की नजर से नहीं बच पाएंगे। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य शहर को नशा मुक्त बनाना और युवाओं को इस जाल से बचाना है। ड्रोन से प्राप्त फुटेज के आधार पर पुलिस त्वरित कार्रवाई कर रही है और संदिग्धों पर शिकंजा कस रही है। नशे के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।