शाहपुर (कांगड़ा)। उपमंडल शाहपुर के तहत भनाला गांव में सोमवार को खेत में काम कर रहे एक किसान की रंगड़ों (जंगली ततैयों) के हमले से मौत हो गई। मृतक की पह...
खेत में काम कर रहे किसान की रंगड़ों के हमले से मौत
शाहपुर (कांगड़ा)। उपमंडल शाहपुर के तहत भनाला गांव में सोमवार को खेत में काम कर रहे एक किसान की रंगड़ों (जंगली ततैयों) के हमले से मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रेम सिंह (48), निवासी भनाला के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रेम सिंह सोमवार को अपने खेत में एक पेड़ के नीचे कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान पेड़ पर या उसके आसपास मौजूद रंगड़ों के एक बड़े झुंड ने अचानक उन पर धावा बोल दिया। रंगड़ों के लगातार डंक मारने के कारण वह दर्द से चीखने लगे। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत आग जलाकर धुआं किया, जिसके बाद रंगड़ों का झुंड वहां से भागा। हालांकि, तब तक प्रेम सिंह गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। परिजनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें अचेत अवस्था में तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल शाहपुर पहुंचाया, लेकिन वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर शव को सपुर्दगी में ले लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला के शव गृह भेज दिया है और नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।