जिला चंबा में मौसम में असमायिक बदलाव और तापमान में बढ़ौतरी ने किसानों व बागबानों को चिंता में डाल दिया है। पिछले एक माह के लंबे ड्राई स्पैल के चलते कि...
जिला चंबा में सूख गए खेत…गेहूं बीमार, आलू और मटर पर मौसम की मार
जिला चंबा में मौसम में असमायिक बदलाव और तापमान में बढ़ौतरी ने किसानों व बागबानों को चिंता में डाल दिया है। पिछले एक माह के लंबे ड्राई स्पैल के चलते किसानों द्वारा खेतों में बीजी गेंहू की फसल के प्रभावित होने का खतरा मंडराने लगा है। साथ ही गेंहू की फसल के पीला रतुआ बीमारी की चपेट में आने की संभावना भी बढ़ गई है। इसके अलावा मटर व आलू की फसल को भी मौसम की मार पड़ रही है। बागबानी क्षेत्र में तापमान में बढ़ौतरी से जमीन की नमी खराब होने से सेब सहित अन्य फ्रूट की सेटिंग खराब हो सकती है। सेब के पेड़ों पर फ्लावरिंग होने से आगामी दिनों में बारिश होने की सूरत में तापमान में उतार-चढ़ाव काफी नुकसानदायक साबित होगा।
कृषि विभाग के उपनिदेशक बोले, बारिश न होने से गेंहू की फसल को भी हो सकता है नुकसान
कृषि विभाग के उपनिदेशक डा. भूपिंद्र सिंह का कहना है कि यह समय गेंहू के दाने का आकार बनने का होता है। मगर बारिश न होने से जमीन में नमी के कारण गेंहू की फसल को नुकसान हो सकता है। इसके अलावा गेंहू की फसल को पीला रतुआ बीमारी लग सकती है। ऐसे में किसानों को सलाह दी है कि गेंहू की खेत में पीला रतुआ बीमारी के लक्ष्ण दिखने पर नजदीकी कृषि केंद्र में जाकर कृषि विशेषज्ञों की सलाह लें। जिला में बारिश न होने से मटर व आलू की फसल को भी नुकसान होने की संभावना है। कृषि विभाग की ओर से किसानों को सलाह दी गई कि मटर व आलू सहित अन्य सब्जियों पर पानी का छिडक़ाव करते रहे। अन्यथा फसल सूखने से नुकसान हो सकता है।
समय से पहले आएगी पौधों पर फ्लावरिंग
बागबानी विभाग के उपनिदेशक डा. प्रमोद शाह के मुताबिक तापमान में असमायिक बढ़ौतरी सेब सहित अन्य फलों के काफी नुकसानदायक है। उन्होंने बताया कि इससे फू्रट की सेंटिग खराब हो सकती है। तापमान में बढ़ौतरी से जमीन की नमी समाप्त होने से सेब के पेड़ों पर फ्लावरिंग समय से पहले होने की सूरत में आगामी दिनों में बारिश होने से नुकसान झेलना पड सकता है। मौसम में यह बदलाव किसी भी लिहाज से फलों के लिए सही नहीं है। बहरहाल, मौसम में असमायिक बदलाव के चलते जिला चंबा के किसान व बागबान फसलों व फलों को होने वाले नुकसान से आगामी दिनों में मुश्किलें पेश आ सकती हैं।