शहर के साथ लगती बैली पंचायत में करियां‑बैली चार किलोमीटर लंबी सड़क को लोक निर्माण विभाग चार महीनों से यातायात के लिए बहाल नहीं कर पाया है। सितंबर में...
चार किमी सड़क चार माह बाद भी बहाल नहीं
शहर के साथ लगती बैली पंचायत में करियां‑बैली चार किलोमीटर लंबी सड़क को लोक निर्माण विभाग चार महीनों से यातायात के लिए बहाल नहीं कर पाया है। सितंबर में भारी बारिश के कारण मार्ग क्षतिग्रस्त हुआ था और तबसे मरम्मत का कार्य चल रहा है, लेकिन लोगों को अब भी पैदल ही यह दूरी तय करनी पड़ रही है।
स्थानीय निवासी प्यार सिंह, योगराज, मनोज कुमार, देवेंद्र कुमार, सुरेश, हंसराज और प्रेम लाल ने बताया कि कुछ लोगों के पास वाहन होने के बावजूद वे उनका उपयोग नहीं कर पा रहे, क्योंकि रास्ता बंद होने के कारण वाहन वहीं फंसे हुए हैं। विभाग द्वारा कार्य देने वाले ठेकेदार की ओर से मरम्मत बेहद धीमी गति से हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि 60 किलोमीटर लंबे भरमौर एनएच की बरसात में हुई क्षति को 10 दिन में बहाल करवा दिया गया, जबकि चार किलोमीटर लंबी ग्रामीण सड़क अभी तक नहीं बन पाई। प्रशासन और विभाग की तरफ से भी इसमें गंभीरता दिखाई नहीं जा रही है।
उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जोगिंद्र शर्मा ने कहा कि जल्द ही मार्ग को यातायात के लिए बहाल किया जाएगा और ठेकेदार को तेजी से कार्य करने के निर्देश दे दिए गए हैं।